आओ मिलकर वृक्ष लगाए, धरती को स्वर्ग बनाए
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन के लिए सघन वृक्षारोपण जीवन की प्राणवायु के लिए समय की मांग है। हमें संकल्पित होकर एक व्यक्ति एक वृक्ष का रोपण व उसे जीवित रखने का सद्प्रयास करना चाहिए। उक्त विचार आज बिड़ला स्कूल रोड पर स्थित यूआईटी कॉलोनी पार्क में आयोज्य सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि पद से संबोधित करते हुए संभागीय आयुक्त डॉ समित शर्मा ने रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवान शिवनानी ने जबकि सुरेश वर्मा विशिष्ठ अतिथि थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पंडित राकेश उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोचार के साथ संभागीय आयुक्त ने अशोक के पौधे का रोपण कर संघन वृक्षारोपण किया। बाद में बालाजी नर्सरी के मालिक प्रदीप सांखला द्वारा उपलब्ध कराये गये 101 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का कॉलोनी निवासियों ने रोपण किया। कार्यक्रम स्थल पर डॉ शर्मा ने कॉलोनी की महिला मण्डल की सदस्या मंजू भाटी, मीनाक्षी पुरोहित, रूप कुमारी जोशी, मंजू गांधी व शीतल चौहान को गिलोय के पौधे उपलब्ध करवाकर संकल्प के साथ अपने अपने घरों में लगाने का निवेदन किया। यूआईटी पार्क में सोसियल डिस्टेसिंग से मास्क लगाकर बैठे कॉलोनी निवासी पुरूष व महिलाओं की समा में यूआईटी संरक्षक श्याम सिंह राठौड़ ने आगन्तुकों का स्वागत किया व अंत में सचिव डॉ गोविन्द पुरोहित ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सीएसई अध्यक्ष किशन गोपाल जोशी ने किया। समारोह स्थल पर दीपांशु व हर्षित सांखला ने अपने जन्मदिवस पर संभागीय आयुक्त को पौधे भेंट कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसएल भाटी, फतेह कृष्ण व्यास, प्रदीप शर्मा अभिषेक पुरोहित, हर्ष व्यास, आरसी जैन, हरीश पमनानी, बहादुर सिंह सांखला, बीएल अग्रवाल व डॉ निवेदित सहित अनेक लोगों की सहभागिता रही।