प्लाज्मा डोनेशन के लिए आगे आ रहे स्वस्थ हुए लोग
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के गंभीर रोगियों के इलाज के लिए शुरू की गई प्लाज्मा थैरेपी के लिए लोग आगे बढक़र प्लाज्मा डोनेट कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम और जीवन रक्षा के लिए जिला प्रशासन जोधपुर द्वारा चलाए जा रहे मिशन जीवन रक्षा के तहत जिले में प्लाज्मा डोनेशन को लेकर लोगों में काफी जागरूकता आई है। लोग स्वप्रेरणा से भी प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे आ रहे हैं। मिशन जीवन रक्षा के तहत संक्रमण से बचाव के लिए घर घर जाकर आक्सीजन सेचुरेशन लेवल जांचने, संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने के साथ साथ कोराना संक्रमण को हराकर स्वस्थ हुए व्यक्तियों को प्लाज्मा डोनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे आयें, जीवन रक्षा का फर्ज निभाए की मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। लोग इससे जुडक़र जीवन रक्षा करने के लिए आगे आ रहे है। जीवन रक्षा की इस मानवीय पहल से प्रेरित होकर वन संरक्षक हनुमान राम ने भी प्लाज्मा डोनेट किया। उन्होंने अन्य स्वस्थ हुए कोरोना संक्रमितों से अपील की है कि वे सभी प्लाज्मा डोनेट करने के इस नेक कार्य के लिए आगे आएं, ताकि गंभीर कोरोना संक्रमितों का समय पर इलाज हो सके तथा उनकी जान बचाई जा सके। उन्होंने मिशन जीवन रक्षा को कोरोना से जीतने का एक सफल एवं सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन के इस प्रयास से जोधपुर में प्लाज्मा डोनेशन को लेकर लोगों में काफी जागरूकता आई है। इससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोडऩे में मदद मिलेगी।