उम्मेद क्लब में 80 दिन बाद कल से शुरू होगी गतिविधियां
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर के प्रतिष्ठित क्लब उम्मेद क्लब में 80 दिनों बाद सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार से विभिन्न गतिविधियां शुरू होगी। क्लब में प्रवेश के लिए सदस्यों को गाइड लाइन की पालना करना जरूरी होगा।
उम्मेद क्लब के मानद् सचिव विनय कवाड़ ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार सदस्यों को क्लब की सुविधाओं का उपयोग करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। प्रथम चरण में मंगलवार से सदस्यों के लिए खानपान सुविधा के तहत केवल पैंकिग सुविधा शुरू की जाएगी जिसका समय दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा। इसके साथ ही खेलकूद प्रेमियों के लिए भी गतिविधियां आरम्भ की जाएगी जिसमें टेनिस, बैडमिंटन, स्क्वैश, बिल्यिर्डस, टेबल टेनिस होंगे। इनका समय प्रात: 6 से 10.30 बजे तथा सांय 5 बजे से रात 8 बजे होगा। दोनो पारियों में निर्धारित समय समाप्ति के बाद सभी जगहों को सैनेटाइज किया जाएगा। क्लब अध्यक्ष अनिल भंसाली़ ने बताया कि क्लब में आने वाले सदस्यों के लिए आरोग्य सेतु ऐप मोबाइल में डाउनलोड करना होगा, सभी सदस्यों को अपने वाहन क्लब परिसर से बाहर की तरह ही पार्किंग करने होंगे। सभी सदस्यों को क्लब सरकार द्वारा निर्धारित दूरी बनाए रखनी होगी। सदस्यों की क्लब में प्रवेश पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी तथा निर्धारित तापमान पाए जाने पर ही क्लब में प्रवेश दिया जाएगा। सदस्य को गेट पर ही हैंड सेनेटाइज करना होगा। इसके साथ ही सदस्य के बैग अथवा स्पोर्ट़स किट को सेनेटाइज किया जाएगा तत्पश्चात् सदस्य द्वारा क्लब के निर्धारित रजिस्टर में आवश्यक इन्द्राज करना होगा। इसके साथ ही उसे क्लब द्वारा एक स्वयं घोषणा प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा जिसे भरकर पुन: वहां उपस्थित कर्मचारी के पास जमा कराना होगा। सभी सदस्यों को सरकार अथवा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। सभी सदस्यों को मास्क का उपयोग करना होगा। सरकार व प्रशासन के दिशा निर्देशों, निर्धारित मापदंडों के तहत आगामी समय में बार व तरणताल, जिम व अन्य सुविधाओं को आरम्भ किया जाएगा।