स्वैच्छिक कोरोना ड्यूटी करने वाले स्काउट राघवेन्द्र का सम्मान
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु पुलिस थाना सदर कोतवाली में लगाए गए कफ्र्यू के दौरान एरिया में रहने वाले आमजन की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु संचालित की जाने वाली एसबीआई मोबाइल एटीएम वैन पर स्काउट के रूप में स्वैच्छिक व्यवस्था ड्यूटी करने वाले 12 वर्षीय राघवेन्द्र सिंह गहलोत की लगन देखते ही बनती है। जूनी बागर हनुमान मंदिर के पीछे रहने वाले एडवोकेट इन्द्र सिंह गहलोत के पुत्र राघवेन्द्र का जज्बा देखने लायक है। केन्द्रीय विद्यालय संख्या एक इण्डियन एयरफोर्स जोधपुर में कक्षा सात में पढऩे वाले राघवेन्द्र ने लॉकडाउन के दौरान आमजन की असुविधा और पुलिस की ड्यूटी को देख कर खुद ने भी देश सेवा और समाज सेवा करने की ठानी। फिर अपने पिता से मार्गदर्शन व आशीर्वाद लेकर मोहल्ले में आने वाली मोबाइल एटीएम वैन पर ग्राहकों को सोशल डिस्टेन्सिंग रखवाने का उसने निश्चय किया। इस किशोर ने विगत कई दिनों से स्काउट के रूप में अपनी इस नि:स्वार्थ सेवा से आमजन का दिल जीत लिया। किशोर के इस जज्बे को पहचान देने के लिए बागर चौक व अजय चौक के पुलिस मित्र मान सिंह सांखला ने आज इसे सहायक पुलिस आयुक्त केन्द्रीय कमलसिंह तंवर और थानाधिकारी सदर कोतवाली सुरेश चौधरी पुलिस निरीक्षक से साक्षात्कार करवाया। दोनों अधिकारियों ने किशोर राघवेन्द्र की हौंसला अफजाई करते हुए उसे माला पहनाकर कर उसे भविष्य में ऐसे ही अच्छे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया वहीं पुलिस मित्र मानसिंह सांखला को भी शाबाशी दी।