केंद्रीय मंत्री ने लगाया लॉकडाउन की पालना नहीं कराने का आरोप
- कहा- राजनीतिक मजबूरियां छोड़ जयपुर-जोधपुर में केंद्रीय बल लगाए गहलोत सरकार
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जोधपुर के सांसद व केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार पर जयपुर और जोधपुर में लॉकडाउन का सही तरीके से पालन नहीं कराने का आरोप लगाया है। शेखावत ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार अपनी राजनीतिक मजबूरियों के चलते इन शहरों में केंद्रीय बलों की मदद भी नहीं ले रही है। सरकार को यह मजबूरियां छोडक़र पुख्ता नियंत्रण के विषय में सोचना चाहिए और केंद्रीय बलों की मदद लेनी चाहिए।शेखावत ने प्रवासी श्रमिकों की वापसी के लिए सही ढंग से इंतजाम नहीं करने के मामले में उन्होंने राजस्थान सरकार को घेरा। शेखावत ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते रहे कि प्रवासियों को उनके गृह राज्यों में भेजने की व्यवस्था की जाए। गहलोत ने दावा किया था कि उनके पास 4 हजार बसें हैं। उन्होंने गहलोत से पूछा है कि प्रवासी राजस्थानियों को लाने के लिए जिन 4 हजार बसों की वो बात कर रहे थे, वो बसें हैं कहां? हमें तो वो बसें नजर नहीं आ रही हैं। शेखावत ने कहा कि सही व्यवस्था नहीं होने के कारण ही अब केंद्र सरकार ने रेल के माध्यम के प्रवासियों को भेजना शुरू किया है। राज्य में क्वारैंटाइन फैसिलिटी, शेल्टर होम्स और अस्पतालों की स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन स्थानों पर ठीक से भोजन और अन्य व्यवस्थाएं नहीं होने से अनेक लोग पीडि़त हैं। ऐसी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के वीडियो सामने आ रहे हैं। कुछ लोग सेंध लगाकर इन स्थानों से भागने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने मांग की कि इन व्यवस्थाओं को सुचारू करने की जरूरत है।