मारवाड़ में मौसम बदल रहा मिजाज: कहीं तेज तो कहीं रूक-रूककर हुई बारिश

सेवा भारती समाचार 

जोधपुर। सूर्यनगरी में सोमवार को एक बार फिर बारिश हुई। यहां दोपहर करीब दो बजे बादल गरजने के साथ बादल बरसे। शहर में कहीं तेज तो कहीं रूक-रूककर बारिश हुई। इससे पहले रविवार को भी शहर में बारिश हुई थी। इस कारण गर्मी से राहत मिल गई है लेकिन उमस ने जोर पकड़ लिया है।
पश्चिमी राजस्थान में तीन दिन से मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे है। कभी तेज धूप तो कभी तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हो रही है। जोधपुर शहर में रविवार दोपहर को मौसम अचानक बदल गया था और शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। इसके बाद आज सुबह से गर्मी पड़ रही थी। सुबह से मौसम एकदम साफ था और सूरज की सीधी पड़ती किरणों ने झुलसाना शुरू कर दिया लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल गया और विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग समय पर बारिश के नजारे देखने को मिले। दोपहर करीब दो बजे बादलों ने गरजना शुरू किया और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। शहर में कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ लगभग निकल चुका था लेकिन आखिरी समय में कुछ बादल पाकिस्तान से पश्चिमी राजस्थान की तरफ बढ़े। हवाएं दक्षिणी पश्चिमी चल रही थी। इसकी वजह से इन बादलों को अरब सागर से नमी मिल गई और बरस गए। अनुमान है कि 30 अप्रैल तक समूचे राजस्थान पर हवाओं में नमी बनी रहेगी। इसके चलते आंशिक बादल राज्य के कई जिलों में इस दौरान आते जाते रहेंगे। तीन मई को फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ आएगा जिसके चलते पश्चिमी राजस्थान में बारिश शुरू हो सकती है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button