पुलिसकर्मी सहित नए पॉजिटिव मिले, संक्रमितों की कुल संख्या बढक़र हुई 58

रिपोर्टर एस.कुमार
जोधपुर। सूर्यनगरी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भीतरी शहर तक सिमटा कोरोना अब बाहरी क्षेत्रों में भी घुसपैठ कर रहा है। शहर में सोमवार सुबह सात जनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। इस कारण पुलिस लाइन में हडक़ंप मच गया। वहीं एक अन्य मामला चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के पहले पुलिया का है यहां एक महिला संक्रमित मिली है जबकि 5 भीतरी शहर के उदयमंदिर आसन व नागौरी गेट क्षेत्र के है। शहर में इन्हें मिलाकर अब तक कुल 58 कोरोना संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 5 मरीज डोर टू डोर सर्वे के दौरान सामने आए जबकि दो लोगों ने स्वयं पहल कर अस्पताल आकर अपनी जांच कराई।
जोधपुर शहर में डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी जांच रिपोर्ट में नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए है। इनमें एक कांस्टेबल भी पॉजिटिव पाया गया है। उदयमंदिर थानान्तर्गत स्टेडियम पुलिस चौकी में तैनात 40 वर्षीय यह कांस्टेबल वहीं बैरक में रहता है लेकिन इसके परिजन पुलिस लाइन में रहते है। ऐसे में इसने अपना पता पुलिस लाइन लिखवाया है। कांस्टेबल को बुखार होने पर रविवार को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह जांच में कोरोना वायरस संक्रमित निकला। चौकी में चार अन्य सिपाही भी पदस्थापित हैं। पुलिस लाइन क्वार्टर के पास पुलिस तैनात कर दी गई है। कांस्टेबल के पॉजिटिव आने के बाद उसके पुत्र व परिवार के अन्य सदस्य को भी जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिसकर्मी के संक्रमित होने का यह पहला मामला सामने आया है। इस कारण पुलिस में चिंता बढ़ गई है। इधर पुलिसकर्मी के अलावा चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के पहले पुलिया निवासी एक महिला के पॉजिटिव आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन इस प्रयास में लगा था कि कोरोना को भीतरी शहर में सीमित रख इस पर काबू पाया जाए। भीतरी शहर का क्षेत्रफल छोटा है, लेकिन आबादी घनी है। अब शहर की सबसे बड़ी बस्ती चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में कोरोना का मरीज मिलने से सभी चौंक उठे है। हालांकि हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर नौ में पहले इंग्लैंड से लौटा एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। अब वह पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुका है।
ईरान से लाए दो और भारतीय निकले पॉजिटिव
ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए दो और भारतीय नागरिक जांच में पॉजिटिव मिले है। दोनों ही रोगी जोधपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित आर्मी वैलनेस सेंटर के हैं। इसमें से एक 45 वर्षीय पुरुष और एक 60 वर्षीय महिला है। दोनों को एम्स जोधपुर में भर्ती कराया गया है। कुल मिलाकर अब तक ईरान से आए 52 भारतीय कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से 29 जने जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन स्थित आर्मी वैलनेस सेंटर के हैं जबकि 23 जने जोधपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित वेलनेस सेंटर के हैं। दोनों ही स्थानों पर 1036 भारतीयों को क्वारेंटाइन के लिए लाया गया है। जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन में 15, 16 और 18 मार्च को तीन बैच में 484 भारतीय लाए गए थे। उनका क्वारेंटाइन समय पूरा हो गया लेकिन इसी बीच कोरोना पॉजिटिव रोगी सामने आने के कारण इनकी घर वापसी टल गई है। जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में 25 और 29 मार्च को 552 भारतीय लाए गए थे।
पुलिसवाले अब घर नहीं जाएंगे
एक पुलिसकर्मी के संक्रमित पाए जाने पर डीसीपी (पश्चिम) प्रीति चंद्रा ने अपने इलाके में लॉकडाउन की डयूटी मे ंलगे तमाम थानों, आरएसी के जवानों व होमगार्ड्स को घर नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही उनके लिए धर्मशालाओं और अन्य जगह पर ठहरने की व्यवस्था की गई है ताकि वे घर जाने की बजाय वहां ठहर सके। डीसीपी प्रीति चंद्रा ने बताया कि शहर में आज एक पुलिस कांस्टेबल के संक्रमित पाए जाने की सूचना मिलते ही उन्होंने लॉकडाउन और कफ्र्यूग्रस्त इलाके में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों को घर नहीं जाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि तमाम पुलिस थानों, आरएसी के जवानों व होमगाड्स के लिए इसी इलाके की धर्मशालाओं और अन्य स्थानों पर रूकने की व्यवस्था कर दी गई है। वहीं मास्क लगाकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button