पांच सैकेंड में व्यक्ति संक्रमणरहित होकर सैनिटाइज के साथ निकलता है बाहर
जोधपुर। कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए शहर में कई स्थानों पर सैनेटाइजर चैंबर लगाने का क्रम जारी है। शुक्रवार को जिला स्तरीय पावटा सैटेलाइट अस्पताल में सैनेटाइजर चैंबर लगाया गया। इसके साथ ही महात्मा गांधी अस्पताल और सिटी पुलिस थाना में भी ये चैंबर लगाए गए है। इन चैंबरों में से गुजरने पर व्यक्ति स्वत: ही सैनेटाइज हो जाता है। रोटरी क्लब द्वारा पावटा सैटेलाइट हॉस्पिटल में शुक्रवार को सैनिटाइजर चेंबर दिया गया। इसके साथ ही दूसरा चैंबर महात्मा गांधी अस्पताल में लगाया गया। इसकी लागत करीब 25 से 30 हजार रुपए के बीच में है। रोटरी क्लब के अध्यक्ष पुनीत, एडीएम महिपाल भारद्वाज और समाजसेवी जसवंतसिंह कच्छवाहा ने पावटा में लगे सैनिटाइजर चेंबर का उद्घाटन किया। इस चैंबर में मात्र पांच सैकेंड में व्यक्ति संक्रमणरहित होकर सैनिटाइज के साथ बाहर निकलता है। अस्पताल व अन्य स्थानों पर आने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित रहें इस बात को ध्यान में रखकर चैंबर लगाने का निर्णय लिया गया है। फुल बॉडी सैनेटाइज करने वाले चैंबर शहर में चुनिंदा स्थानों पर लगना प्रारंभ हुए है। इसमें सैनेटाइज करने के लिए सोडियम हाइपोक्लोराइड का इस्तेमाल किया जा रहा है।