नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए रवाना की नई गाड़ियां

- महापौर प्रसन्न चंद मेहता, विधायक अतुल भंसाली और उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने दिखाई हरी झंडी

जोधपुर । शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम ने सोमवार को नई पहल की। नगर निगम की ओर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान के तहत नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही पीएम ई-बस सेवा के तहत मंडोर से सांगरिया फाटा तक नए मार्ग पर इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन भी शुरू किया गया।

कार्यक्रम में महापौर प्रसन्न चंद मेहता, शहर विधायक अतुल भंसाली, उपमहापौर विजय सिंह पंवार, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन सहित निगम के अधिकारी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हर वार्ड में जरूरत के अनुसार पहुंचेंगे कचरा संग्रहण वाहन

महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेकर नगर निगम लगातार काम कर रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वार्डों की जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर वाहनों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण व्यवस्था की निगरानी के लिए मैपिंग प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से यह जानकारी मिल सकेगी कि वाहन कितने घरों तक पहुंचे, कितने घरों से कचरा संग्रहित हुआ और कितना कचरा एकत्र किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कचरा निर्धारित समय पर ही बाहर निकालें और कचरा संग्रहण वाहन में गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग दें।उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सफाई अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।

जनसहभागिता से स्वच्छ बनेगा जोधपुर : अतुल भंसाली

शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्र को देखते हुए कचरा संग्रहण के संसाधनों को मजबूत करना आवश्यक है। नगर निगम की ओर से शुरू की गई यह पहल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को मिलकर काम करना होगा।

प्रत्येक वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था का लक्ष्य : विजय सिंह पंवार

उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य दीपावली से पहले शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। इसके लिए 14 अक्टूबर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वार्डवार टीमों के माध्यम से सफाई कार्य करवाए जा रहे हैं और कचरा संग्रहण की समस्या का समाधान करने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों, पार्षदों और कर्मचारियों से निगम की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

मंडोर से सांगरिया फाटा तक शुरू हुई वातानुकूलित ई-बस सेवा

वातानुकूलित पीएम ई-बस सेवा के तहत मंडोर से सांगरिया फाटा तक नए मार्ग पर इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन भी शुरू किया गया। पहले चरण में चार बसें संचालित की जाएंगी, जबकि आगामी दिनों में चार और बसें शुरू करने की योजना है। इस प्रकार नए मार्ग पर कुल आठ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। यह बस सेवा मंडोर से किशोरबाग, कृषि मंडी, महामंदिर, पावटा, नई सड़क, रेलवे स्टेशन, रोटरी सर्किल, एमडीएम अस्पताल, शास्त्री सर्किल, डीजल शेड और बासनी थाना होते हुए सांगरिया फाटा तक पहुंचेगी।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button