सोजत महोत्सव में इतिहास प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, जोधपुर मारवाड़ टीम ने मारी बाजी

सोजत। सोजत महोत्सव-2026 के तहत शुक्रवार को विजय आदर्श विद्या मंदिर सेकेंडरी स्कूल में सोजत के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन धरोहर और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी ऐतिहासिक जानकारी और ज्ञान का परिचय दिया। कार्यक्रम में जोधपुर मारवाड़, ब्यावर, आसींद और जैसलमेर नाम से चार टीमें गठित की गईं, जिनमें विद्यालय के दो-दो स्टाफ सदस्यों ने प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया।

सोजत महोत्सव समिति के सचिव चेतन व्यास ने प्रश्नोत्तरी के दौरान सोजत के ऐतिहासिक महत्व, प्राचीन धरोहर, गौरवशाली अतीत और शहर से जुड़ी विभिन्न ऐतिहासिक जानकारियों पर आधारित रोचक सवाल पूछे। प्रतिभागियों ने सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित स्टाफ सदस्यों एवं गणमान्यजनों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सवाल-जवाब के माध्यम से सोजत के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करने का अवसर मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सोलंकी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में चारों टीमों के बीच रोचक मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता में जोधपुर मारवाड़ टीम की श्रीमती पूनम भटनागर और दुर्गेश व्यास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आसींद टीम के मोहम्मद नासिर और शाहबाज खान दूसरे स्थान पर रहे। ब्यावर टीम के अजय कुमार जोशी और श्रीमती आशा माली तथा जैसलमेर टीम के सुनील पंवार और प्रियंका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के निर्णायक राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिला संरक्षक सत्तुसिंह भाटी, वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही एवं अकरम खान रहे। इस दौरान श्रीमती पिंटू, श्रीमती पायल, श्रीमती विजयलक्ष्मी दवे और श्रीमती कौशल्या देवी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सोजत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस अनूठी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शहर के ऐतिहासिक गौरव, सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन परंपराओं से लोगों को परिचित कराना रहा। ऐसे आयोजनों से स्थानीय इतिहास के संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा नई पीढ़ी में अपनी ऐतिहासिक धरोहर के प्रति जागरूकता और गौरव की भावना विकसित होती है। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को सोजत के अतीत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जानने और साझा करने का अवसर मिला। इस तरह के आयोजन सोजत की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।