सोजत महोत्सव-2026 में नन्हे-मुन्नों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह, विजेताओं को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

सोजत। सोजत महोत्सव-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को स्थानीय न्यू मॉडर्न सेकेंडरी स्कूल में बाल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। पार्षद एवं संस्था प्रधान गंगासिंह सांखला की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सोजत महोत्सव समिति अध्यक्ष पार्षद जोगेश जोशी, सचिव चेतन व्यास, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिला संरक्षक सत्तुसिंह भाटी तथा इवेंट मैनेजमेंट टीम के अकरम खान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। चम्मच दौड़, जलेबी दौड़, म्यूजिकल चेयर, बाल दौड़ एवं मेंढक दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। खेलों के दौरान बच्चों की मासूमियत, उत्साह और जीतने के प्रयासों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने हासिल किए स्थान
जलेबी दौड़ प्रतियोगिता में जौहान ने प्रथम तथा अनुष्का ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चम्मच दौड़ में कुशाल प्रथम और सेफान द्वितीय स्थान पर रहे। बाल दौड़ में दानिश एवं खुशवीर ने विजेता स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में मोहम्मद रजा प्रथम तथा हर्षित द्वितीय रहे। वहीं, मेंढक दौड़ में विवेक ने प्रथम और आवेश ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का उपरणा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की प्रवृत्ति विकसित होती है। सोजत महोत्सव-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया और विद्यालय परिसर को उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर कर दिया।