बिश्नोई समाज के इतिहास में पहली बार महिला बिजनेस समिट, 250+ महिलाओं ने लिया उद्यमिता का संकल्प

सितंबर में होने वाले ग्लोबल एक्सपो को सफल बनाने का आह्वान

जोधपुर। बिश्नोई समाज के इतिहास में पहली बार आयोजित ‘बिश्नोई महिला बिजनेस समिट-2026’ रविवार को जोधपुर में संपन्न हुई। बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल के तत्वावधान में और बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो (BGCE-2026) के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आई 250 से अधिक महिला उद्यमियों, व्यवसायियों, डॉक्टरों, शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, स्टार्टअप फाउंडर्स और सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और समाज में महिला नेतृत्व को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में राजस्थान के लगभग सभी जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से महिलाओं की भागीदारी रही।

महिलाओं ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में महिला उद्यमियों ने अपने व्यवसायिक अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद तकनीक, नवाचार और आत्मविश्वास के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

कई प्रतिभागियों ने अपना नया व्यवसाय शुरू करने और अन्य महिलाओं को भी उद्यमिता से जोड़ने का संकल्प लिया। सम्मेलन में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि व्यापार केवल आय का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व का आधार भी है।

मुख्य अतिथि मधु बिश्नोई बोलीं- महिलाएं नेटवर्किंग बढ़ाएं

मुख्य अतिथि श्रीमती मधु बिश्नोई ने कहा कि आज समय की मांग है कि महिलाएं आत्मविश्वास के साथ उद्योग और व्यापार में आगे आएं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करें, अनुभव साझा करें और मजबूत नेटवर्क तैयार करें तो समाज की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी महिलाओं को मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

निर्मला बिश्नोई ने कौशल आधारित व्यवसाय पर दिया जोर

कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बिश्नोई, जो अब तक तीन हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दे चुकी हैं, ने महिलाओं से सिलाई, कढ़ाई, टेक्सटाइल, घरेलू उद्योग और अन्य कौशल आधारित व्यवसायों से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को प्रशिक्षण, बाजार और सही मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

सितंबर में होगा ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो

बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो के संस्थापक एवं अध्यक्ष रमेश बावल ने 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल प्रदर्शनी नहीं बल्कि समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का राष्ट्रीय अभियान है।

उन्होंने महिलाओं से एक्सपो में उद्यमी, प्रदर्शक, वक्ता और आयोजक के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

‘हर बिश्नोई में सफल व्यवसायी बनने की क्षमता’

संस्था के महासचिव आर.के. ने कहा कि बिश्नोई समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी सांस्कृतिक विरासत, जांभाणी मूल्य और सेवा संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिश्नोई में सफल व्यवसायी बनने की क्षमता है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और मंच की है।

उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महिला बिजनेस नेटवर्क और मेंटरशिप प्लेटफॉर्म बनेगा

सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि समाज की महिला उद्यमियों का एक स्थायी नेटवर्क और मेंटरशिप प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा, जहां अनुभवी उद्यमी नई महिलाओं का मार्गदर्शन करेंगी।

इसके अलावा युवतियों और छात्राओं के लिए स्टार्टअप, एमएसएमई, ई-कॉमर्स, बैंकिंग, डिजिटल मार्केटिंग, सरकारी योजनाओं और निर्यात जैसे विषयों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पूरी महिला टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

कार्यक्रम का संचालन निर्मला बिश्नोई, पलक बिश्नोई और कविता ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में पुष्पा बिश्नोई, भंवरी कालीराणा, एडवोकेट शारदा, निरमा बिश्नोई, रामसनेही डेलू (राजस्थान पुलिस), रेखा बिश्नोई सहित पूरी महिला टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समापन अवसर पर पुष्पा बिश्नोई ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन बिश्नोई समाज में महिला आर्थिक सशक्तिकरण के नए युग की शुरुआत है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button