चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रिंटिंग प्रेस संचालकों की बैठक
सोजत। नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उपखंड कार्यालय सोजत में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रिंटिंग प्रेस संचालकों के साथ अलग-अलग चुनाव संबंधी बैठकें आयोजित की गईं।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आदर्श आचार संहिता के पालन तथा राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर की गाइडलाइन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं प्रिंटिंग प्रेस संचालकों की बैठक में नगरपालिका आम चुनाव 2026 के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127-क के प्रावधानों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रेस संचालकों को चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई।
बैठक में तहसीलदार कूप सिंह, नायब तहसीलदार सोजत मोहन लाल, बगड़ी माधुराम, चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक, मनोहर पालड़िया एवं सुरेंद्र सिंह लखावत सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सोजत उपखंड क्षेत्र के प्रिंटिंग प्रेस संचालक उपस्थित रहे।