झूलेलाल मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण मतदान, सिंधी समाज को मिला नया नेतृत्व
सोजत: पूज्य सिंधी पंचायत चुनाव सम्पन्न, दयालदास पुरुषवाणी बने मुखी साहब, सुंदरदास आडवाणी निर्वाचित बाबा साहब
सोजत। पूज्य सिंधी पंचायत, सिंधी समाज सोजत सिटी के चुनाव गुरुवार को झूलेलाल मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव अधिकारी अशोक मूलचंदानी एवं दिलीप मुलानी की निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिसके पश्चात पारदर्शी तरीके से मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए।
मुखी साहब पद के लिए हुए चुनाव में राजकुमार पुरुषवाणी एवं दयालदास पुरुषवाणी के बीच सीधा मुकाबला रहा। मतदान में राजकुमार पुरुषवाणी को कुल 16 मत प्राप्त हुए, जबकि दयालदास पुरुषवाणी को 23 मत मिले। इस प्रकार 7 मतों के स्पष्ट अंतर से दयालदास पुरुषवाणी को मुखी साहब पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
वहीं बाबा साहब पद के चुनाव में सुंदरदास आडवाणी एवं राजेश लखानी आमने-सामने रहे। इस चुनाव में सुंदरदास आडवाणी को 24 मत प्राप्त हुए, जबकि राजेश लखानी को 15 मत मिले। 9 मतों के अंतर से सुंदरदास आडवाणी बाबा साहब पद के लिए विजयी घोषित किए गए।
चुनाव परिणामों की घोषणा के उपरांत सिंधी समाज सोजत सिटी में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित मुखी साहब दयालदास पुरुषवाणी एवं बाबा साहब सुंदरदास आडवाणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी समाज के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएंगे।