सोजत में सीजीआईएफ के तत्वावधान में एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर, बड़ी संख्या में बालिकाएं लाभान्वित
सोजत। चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन (CGIF) के तत्वावधान में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को सोजत के डीडी गार्डन में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में बालिकाओं को वैक्सीन लगाकर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती निहाल कंवर रहीं।
चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के ग्लोबल अध्यक्ष सोसियो अनोपसिंह लखावत, श्रीमती मंजू लखावत एवं सुश्री निधी लखावत के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में फाउंडेशन के एमडी राजा भाई रुडाच ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सबसे अहम है। “पहला सुख निरोगी काया” के सूत्र पर कार्य करते हुए यह संस्था बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं गंभीर बीमारियों से बचाव के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे आयोजन करती रहती है। इसी क्रम में एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर में बालिकाओं का टीकाकरण एक बड़ी उपलब्धि है।
सीजनल उपाध्यक्ष गंभीर दान ने कहा कि समाज संगठित होकर आगे बढ़े और इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों के आयोजनों से सभी वर्ग लाभान्वित हों। वहीं मनु भाई गढ़वी ने कहा कि सोजत में चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा कई सफल आयोजन संपादित किए गए हैं, जो ग्लोबल अध्यक्ष सोसियो अनोपसिंह लखावत के अथक प्रयासों का परिणाम हैं।
ग्लोबल अध्यक्ष सोसियो अनोपसिंह लखावत ने बताया कि इस शिविर में उन बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की तीसरी डोज लगाई गई, जिनकी पहली डोज 22 जून को सोजत में तथा दूसरी डोज अगस्त माह में जोधपुर में लग चुकी थी। इस प्रकार एक बड़े मिशन को सफलतापूर्वक संपादित किया गया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
सुबह से लगी बालिकाओं की भीड़
इस बहुउपयोगी बालिका स्वास्थ्य संवर्धन शिविर के लिए डीडी गार्डन में सुबह से ही सोजत क्षेत्र भर से बालिकाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर 12 बजे तक वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया और शिविर अपराह्न 3 बजे तक चलता रहा। वैक्सीनेशन में स्थानीय चिकित्सालय के चिकित्सक पुष्पेन्द्र सिंह एवं नर्सिंग स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजक लखावत परिवार द्वारा बालिकाओं के लिए अल्पाहार एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई।
दीप प्रज्वलन व करणी माता की आरती से शुभारंभ
वैक्सीनेशन से पूर्व आयोजक मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर करणी माता की आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं मीडिया कर्मियों का स्वागत व बहुमान किया गया।
कार्यक्रम में चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के पदाधिकारी राजा भाई रुडाच, प्रतापदान, सुरेश कविया, अनोपसिंह लखावत, सिद्धार्थ, शैलेश पटेल, केसरी चंद सहित सोजत की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, भालत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, सामाजिक वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष राम स्वरूप भटनागर, प्रधानाचार्य स्वरूप सिंह उदावत, पत्रकार ओम नारायण पाराशर, अशोक खिंची, प्रकाश राठौड़, नत्थाराम, अब्दुल समद राही, संजय परिहार, लक्ष्मण माली, अकरम खान, सूमन कविया, सुनयना हापावत, जनक कंवर, शशिबारहठ का बहुमान किया गया।
इसके अतिरिक्त गोरधन लाल गहलोत, हितेंद्र व्यास, लोकेश श्रीवास्तव, सत्तू सिंह भाटी, मोहन चौधरी, पारस सिंगाड़िया, ओम प्रकाश, जुगल किशोर दवे, जोनल अध्यक्ष ओमप्रकाश उज्वल, उपाध्यक्ष अमर सिंह बारहठ, सरदार सिंह सांदू, महेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी और समाज में सकारात्मक संदेश गया।