पांच दिवसीय सामाजिक उत्पादकता एवं समाजसेवा शिविर का भव्य समापन, छात्र–छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता

सोजत ।राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेहरा बेरा में आयोजित पांच दिवसीय सामाजिक उत्पादकता एवं समाजसेवा (SUPW) शिविर का समापन 24 दिसंबर को भव्य आयोजन के साथ किया गया। शिविर का आयोजन 20 दिसंबर से किया गया था। समापन अवसर पर छात्र–छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए नवाचार के माध्यम से रचनात्मक एवं सृजनात्मक गतिविधियों से सभी को प्रभावित किया।

शिविर के दौरान छात्र–छात्राओं ने विद्यालय स्टाफ के साथ मिलकर शीतकालीन स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों का निर्माण किया तथा अन्य छात्र–छात्राओं को उनकी रेसीपी भी समझाई। शिविर में सामाजिक जागरूकता, व्यावहारिक कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं छात्राओं ने रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य दिलीप सैनी ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से सामुदायिकता की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलता है तथा सहयोग और सौहार्द की भावना विकसित होती है। शिविर के दौरान श्रीमती प्रमिला श्रीमाली ने बताया कि छात्राओं ने अपनी रुचि के विषयों में दक्षता का प्रदर्शन करते हुए स्क्रेप बुक, संगीत, नृत्य, लोक संस्कृति एवं पर्यावरण जैसे विषयों को प्राथमिकता दी, जबकि छात्रों ने खेलकूद एवं मानसिक क्षमता संवर्धन से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के अंतिम दिन कैम्प प्रभारी भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि जीवन में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और व्यावहारिक कौशल का विकास होना चाहिए। अंत में शिविर के सफल संपादन पर छात्र–छात्राओं की हौसला अफजाई का प्रस्ताव भरत कुमार ने रखा।

कार्यक्रम में अध्यापक अब्दुल सलीम, भरत कुमार, श्रीमती प्रमिला श्रीमाली, जगदीश जांगिड़, सुरेश कच्छवाह, गणकी चौधरी, रामसिंह राठौड़, भंवरलाल, नीलिमा त्रिपाठी, मंगलाराम और वीरेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button