नेहड़ा बेरा स्कूल में समाज उपयोगी उत्पादकता व समाज सेवा शिविर आयोजित

सोजत सिटी । नेहड़ा बेरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में समाज उपयोगी उत्पादकता कार्य शिविर एवं समाज सेवा शिविर का आयोजन प्रधानाचार्य दिलीप सैनी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिलीप सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने कौशल का विकास कर अपने भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना चाहिए तथा अपने आसपास के पर्यावरण के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालिकाओं ने आकर्षक रंगोली व आकृतियां बनाकर अपनी कला, सृजनशीलता एवं रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में श्रीमती प्रमिला श्रीमाली ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए प्लास्टिक मुक्त वातावरण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि घरों व सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक व खाद्य अपशिष्ट न फैलाएं, इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ गौवंश को भी नुकसान पहुंचता है।

इस दौरान प्रमिला श्रीमाली, नीलिमा त्रिपाठी, गणकी चौधरी, गरिमा सहित अन्य अध्यापिकाओं ने बालिकाओं को रंगोली एवं रंगों के सामंजस्य की जानकारी दी। वहीं अध्यापक भरत कुमार, जगदीश चन्द्र, भूपेंद्र कुमार व सुरेश कुमार ने विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी टिप्स दिए, कबाड़ से जुगाड़ की कला सिखाई तथा पर्यावरण संरक्षण व मौसम जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

शिविर के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने रोचक खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा व सांस्कृतिक कौशल का परिचय दिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button