जोधपुर में संभाग स्तरीय भाजपा मीडिया सेंटर का शुभारंभ किया

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस की गांरटी पर धावा बोला

मंहगाई राहत शिविर व गारंटी योजना केवल कांग्रेस का छलावा – शेखावत

जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी जोधपुर संभाग के मीडिया सेन्टर का काजरी रोड़ पर विधिवत शुभारम्भ केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री एवं जोधपुर के सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. शलभ मणि त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता नवनीत राजपुरोहित, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, सूरसागर विधानसभा प्रत्याशी देवेन्द्र जोशी, महापौर वनिता सेठ, पूर्व सांसद जसवंत सिंह विश्नोई, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया सहित भाजपा के अनेक मीडिया कार्यकर्ता मौजुद रहे।

जोधपुर संभाग मीडिया सेन्टर कार्यालय के उद्घाटन के पश्चात् सभा कक्ष में मंचासीन अतिथियों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात् जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने स्वागत उद्बोधन देकर सेन्टर खोलने की रूपरेखा प्रस्तुत की। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया।

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस सरकार द्वारा जनता को दी गई सात गारंटियों को लेकर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने पिछले साढ़े चार साल तक कोई काम नहीं किया और अंत के छह माह में जनता को गारंटियों के नाम पर छलावा दे रहे हैं, लेकिन जनता अब इन गारंटियों की हकीकत जान चुकी है। अब वह इनके छलावे में नहीं आने वाली।
रविवार को यहां पत्रकार वार्ता में शेखावत ने कहा कि यह सरकार पिछले साढ़े चार साल में जनता की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं कर पाई। पहले महंगाई राहत शिविर के नाम पर और अब सात गारंटियों के नाम पर जनता को धोखा दे रही है। जनता अब इन झूठी गारंटियों के भुलावे में नहीं आने वाली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब इसके नेता राहुल गांधी के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा की गारंटी देकर नया शिगूफा शुरू किया है। राज्य में पहले से ही आनन-फानन में अंग्रेजी स्कूल शुरू कर दिए गए। इनमें 58 प्रतिशत पद आज भी रिक्त हैं। इन स्कूलों में एक भी शिक्षक अंग्रेजी माध्यम में पढ़ा लिखा नहीं है। इससे उसे भी परेशानी हो रही है। कई शिक्षकों ने इन स्कूलों से खुद को हटाने का आवेदन कर दिया है। वैसे भी अब नई शिक्षा नीति में प्राइमरी शिक्षा मातृ भाषा मेें करवाना जरूरी है। अंग्रेजी माध्यम स्कूले खोलने के चक्कर में हिंदी स्कूलों की उपेक्षा की गई और नतीजा यह निकला कि प्रदेश में करीब छह लाख नामांकन कम हो गया।

केन्द्र ने पहले ही चला रखी है गोबर धन योजना
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने गोबर को खरीदने की गारंटी दी है। पहले से केन्द्र सरकार के जलशक्ति मंत्रालय के माध्यम से गोबर धन योजना के नाम से चल रही है। यह योजना संपूर्ण स्वच्छता योजना का हिस्सा है। इसके तहत गांव में गोबर को एकत्र करके उससे ऊर्जा के रूप में बदलना था। उस ऊर्जा को खरीद के लिए सीएसआर के तहत ऑयल कंपनियों से समझौता भी हो गया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस योजना पर काम ही नहीं किया। आज पूरे देश में इस योजना के क्रियान्वयन के मामले में राजस्थान 21वें नंबर पर है।

चार साल से नहीं दिए लैपटॉप
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लैपटॉप देने की गारंटी भी छलावा है। स्कूलों के प्रतिभावन विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना पहले से ही चल रही है। इस सरकार ने उन्हें ही लैपटॉप नहीं दिए। आज तक करीब 93 हजार विद्यार्थी पिछले चार साल से लैपटॉप का इंतजार कर रहे हैं।

देश को बांटने का काम है जातिगत जनगणना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के बार-बार घोषणा करने पर शेखावत ने कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना के आधार पर देश को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने पहले देश को धर्म के आधार पर बांटा, बोली भाषा के आधार पर बांटा, अमीर गरीब के आधार पर बांटा और अब जाति के आधार पर बांटने का पाप व षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी और इंदिरा गांधी जाति व्यवस्था के खिलाफ थी। राहुल गांधी और अशोक गहलोत को पहले उनके विचार जान लेने चाहिए।

ओपीएस के लिए केन्द्र ने गठित की समिति
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में ओपीएस मात्र चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। यहां घोषणा करने से पहले उन्हें कर्नाटक और हिमाचल की कांग्रेस सरकार की स्थिति जान लेनी चाहिए। वहां की सरकारें ओपीएस लागू करने में असमर्थता जता चुकी हैं। केन्द्र सरकार ने ओपीएस के स्थायी समाधान के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस पर तेजी से काम हो रहा है।

ईडी के राजनीतिकरण का आरोप गलत
शेखावत ने कहा कि ईडी की कार्रवाई से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मन में भय है। इसलिए वे संवैधानियक व्यवस्था से बनी हुई संस्था के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले दस साल में ईडी के मामलों में सजा की दर 96.45 प्रतिशत है। साथ ही, जितने मामले ईडी ने दर्ज किए उनमें से केवल तीन प्रतिशत जनप्रतिधियों के खिलाफ हैं। इसलिए इसके राजनीतिकरण का आरोप गलत है।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. शलब त्रिपाठी ने मीडिया के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल केवल भ्रष्टाचार, अराजकता, तृष्टिकरण, पेपर लीक व महिला उत्पीड़न घटनाओं से ओतप्रोत रहे। कांग्रेस की इन तमाम जन विरोधी नीतियों को उजागर करने का काम मीडिया टीम का है। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता नवनीत राजपुरोहित ने बताया कि इस मीडिया सेन्टर के माध्यम से संभाग की 33 विधानसभाओं का मीडिया सम्पर्क, सोशल मीडिया का कार्य मॉनिटर किया जायेगा।
भाजपा मीडिया सेंटर का उद्घाटन
भाजपा मीडिया सेन्टर के उद्घाटन के अवसर पर मंच का संचालन संभाग मीडिया सेन्टर के सह-संयोजक मदन बोराणा ने किया एवं संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री डा. करणी सिंह खींची, विजय राजोरिया, महामंत्री मनीष पुरोहित, संजय चंदीरमानी, पूर्व सम्भाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया, मदन बोराणा, नरेश सुराणा, जयसिंह राजपुरोहित, क्षेणिक जैन, चक्रेश मेहता, सीमा भुवन माथुर, मीना सांखला, संगीता बोहरा, आशा झाझडिया, मृदुल दवे, घनश्याम भाटी, मुकेश दवे, अंकित पुरोहित सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। विधानसभा चुनाव में भाजपा के मीडिया से संबंधित सभी तरह के कार्य इसी जगह पर होंगे। सभी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रेस वार्ता भी यहीं होंगी। जोधपुर संभाग में मीडिया से निरंतर संवाद के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान भी होगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button