वोट रूपी आहुति से ही मिलता है राष्ट्र के विकास को आधार : यूथ आईकॉन रंगकर्मी अजय करण जोशी
मतदाता जागरूकता अभियान विशेषांक
मतदान की कहानी – मतदाता की जुबानी
जोधपुर । ‘‘अच्छे नागरिक के रूप में यदि अपने अधिकारों की मांग करते हैं, अधिकार चाहते हैं तो मतदान को अपना कर्त्तव्य समझकर मतदान अवश्य करें।’’
यह कहना है यूथ आईकॉन श्री अजय करण जोशी का। श्री अजय करण जोशी पेशे से रंगकर्मी हैं, थिएटर आर्टिस्ट के रूप में उनकी ख़ासी पहचान है, साथ ही जोधपुर जिले के निर्वाचन कार्य के यूथ आइकॉन भी है। वे जिला स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपना योगदान दे रहे हैं।
जोधपुर स्वीप टीम सदस्य केसर सिंह राजपुरोहित ने शुक्रवार को जी डी मेमोरियल कॉलेज, कुड़ी भगतासनी हाऊसिंग बोर्ड में स्वीप गतिविधियों के आयोजन के दौरान जोधपुर विधानसभा क्षेत्र के वोटर श्री अजय करण जोशी से मतदान पर विशेष बातचीत की व इस बारे में उनके विचार जाने।
श्री अजय करण जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के वोटर हैं। पहली बार मतदान के बारे में स्वयं का अनुभव शेयर करते हुए कहते हैं कि संयुक्त परिवार में रहते हुए पहली बार मतदान किया तब परिवार के बुजुर्गों ने जिसे कहा उसे वोट दे दिया। लेकिन समय के साथ समझ विकसित हुई, वोट की कीमत को समझा, पहचाना, तब से आवश्यक रूप से मतदान करते रहे हैं।
एक यूथ आइकॉन के रूप में युवा मतदाताओं को वे यही संदेश देना चाहते हैं कि राष्ट्र के विकास में, नागरिकों के जीवन की उन्नति के लिए हर मतदाता को मतदान करना चाहिए, लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपनी वोट रूपी आहुति देनी चाहिए। उनका कहना कि बिना किसी भेदभाव के, दबाव, प्रलोभन, भय आदि से मुक्त होकर सोच समझकर, स्वविवेक से मतदान करना चाहिए।