208 वें शौर्यदिवस पर राजपुरोहित वीर गुमान सिंह जी को श्रद्धा पूर्वक किया याद

जोधपुर। दुर्गाष्टमी पर वीर गुमान सिंह जी के 208 वें शौर्य दिवस पर वीर शिरोमणि को राजपुरोहित समाज के घर घर में नारियल की ज्योत एवम् दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए । अखेराजोत विकास समिति जोधपुर द्वारा मेहरानगढ़ तलहठी स्थित स्मारक पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महाराजा गज सिंह जी साहब जोधपुर की तरफ से पुष्प चक्र उनके प्रतिनिधि द्वारा अर्पित किया गया एवंभारतीय सेना के रिटायर्ड मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित की ओर से शौर्य चक्र मालम सिंह कुशलावा द्वारा अर्पित किया गया । राजस्थान राज्य वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रताप सिंह खींवसर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वीर गुमान सिंह राजपुरोहित का बलिदान समूचे मारवाड़ के लिए स्वामी भक्ति एवं त्याग का अनूठा उदाहरण है ।

अध्यक्ष एडवोकेट सत्यनारायण राजपुरोहित ने कहा कि वीर गुमान सिंह जी ने राजपुरोहित समाज की शस्त्र एवं शास्त्र विद्या को दीप्तिमान किया है । उपाध्यक्ष श्याम सिंह खीचन ने बताया कि विक्रम संवत अट्ठारह सौ बहत्तर आसोज सुदी अष्टमी को मेहरानगढ़ किले में नवाब मीर खान पठान के 27 आदमियों ने हमला किया और खर्ची बाबत तकाजा कर आयस देव नाथ जी, बद्री दान जी सिंघी, इन्द्रराज जी को मार डाला ,इस पर तिवरी के राजपुरोहित वीर गुमान सिंह जी अखेराजोत गोली लगने से घायल होते हुए भी कमर से कटार निकालकर पठानों से अकेले ही जूझ पड़े । कटारी के पांच करारे वार कर दुश्मन को मौत के घाट उतारा और बदला लिया तथा वीरता के साथ लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए । अखेराजोत विकास समिति के प्रतिनिधि ने बताया कि गुमान सिंह जी की स्वामी भक्ति व वीरता से प्रभावित होकर महाराजा मानसिंह जी ने द्रवित होकर इनके सम्मान में सोरठे लिखकर शब्द सुमन अर्पित किए एवम् इनका दाह संस्कार राजघराने के सदस्य की भांति मुख्य द्वार से राजकीय सम्मान के साथ शव यात्रा निकलवा कर रासोलाई नाडी पर किया गया ,इसी स्थान पर इनका स्मारक आज भी विद्यमान है। स्मारक पर प्रतिवर्ष अखेराजोत विकास समिति जोधपुर द्वारा शौर्य दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है और इसमें राज परिवार के माननीय सदस्यों सहित जोधपुर शहर एवं आसपास के अनेक क्षेत्रों से महानुभाव एवम् गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु पुष्पांजलि अर्पित करते हैं।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में महेंद्र सिंह घेनडी (विकास अधिकारी), भारत संचार निगम लिमिटेड के मदन सिंह हिंगोला,राजस्थान उच्च न्यायालय के चंद्र सिंह पिलोवनी, बिशन सिंह विकरलाई, पृथ्वी सिंह बसी, दिलीप सिंह डाबला,अर्जुन सिंह मनना बासनी आदि सहित भैंसेर खूतङी व कोटवाली ,भावंडा, तिंवरी, खेड़ापा, खीचन, जाटीयावास तथा धुन्धियाड़ी से अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए एवं पुष्पांजलि अर्पित की।अध्यक्ष एडवोकेट सत्यनारायण सिंह द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा संचालन महेंद्र सिंह खींचन ने किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button