भारत में राजनीति करनी है तो हिंदू का सम्‍मान करना सीखो : हिमंत बिस्‍वा सरमा

तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा का समापन

जोधपुर। असम के मुख्‍यमंत्री हिमंत बिस्‍वा सरमा ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भारत में राजनीति करनी है तो हिंदू का सम्‍मान करना सीखो, नहीं तो हम हिसाब बराबर कर देंगे, ये बात पक्‍की है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राजस्थान में अब कांग्रेस सरकार की विदाई की तैयारी है। अपराधों के खिलाफ यूपी में सख्त कार्रवाई हो रही है। भाजपा सरकार बनने पर ऐसा ही राजस्थान में होगा। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार नाकारा और निकम्मी है। यह महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पाई। युवाओं को रोजगार नहीं दे पाई। कानून व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। अब जनता ने गहलोत सरकार को बदलने का मानस बनाया। इस परिवर्तन यात्रा से यह संकल्प दृढ़ से दृढ़तर हो गया है।

गुरुवार रात गांधी मैदान में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा के समापन पर आयोजित विशाल सभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राजस्थान की गहलोत सरकार पर जमकर प्रहार किए। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही हिंदू के साथ गद्दारी की है। सत्‍तर साल हो गए। जब तक 2014 में केंद्र में नरेन्‍द्र मोदी नहीं आए थे, तब तक अयोध्‍या में बाबर जिंदा रहा था, जब नरेन्‍द्र मोदी आ गए, बाबर साफ हो गया। अब रामलला का मंदिर बन रहा है। सरमा ने कहा कि अशोक गहलोत जी कहते हैं कि राजस्‍थान में हिदुत्‍व की राजनीति नहीं होगी, लेकिन मैं कहता है कि आप हिंदुत्‍व को रोकने वाले होते कौन हैं? पांच हजार साल पहले भारत में हिंदू था, हिंदू है और हमेशा हिंदू रहेगा। आप कुछ नहीं कर सकते हैं। सरमा ने कहा कि राजस्‍थान के लोग भी अयोध्या में रामलला के दर्शन के उत्‍सुक हैं, लेकिन राहुल गांधी, अशोक गहलोत हर मंदिर जाएंगे, पर अयोध्‍या में रामलला के मंदिर में नहीं जाएंगे।

कन्‍हैया लाल हत्‍याकांड का जिक्र करते हुए सरमा ने कहा कि अगर असम में इस तरह की घटना होती तो हम पांच मिनट में हिसाब बराबर कर देते, लेकिन राजस्‍थान में पीड़ित परिवार की सुध तक नहीं ली जा रही है। उन्‍होंने कहा कि जब कांग्रेस मुसलमानों के बारे में बोलती है तो तत्‍काल एक्‍सप्‍लेन कर दिया जाता है, जब ईसाई के बारे में बोला जाता है तो भी एक्‍सप्‍लेन कर लिया जाता है, लेकिन जब हिंदू के बारे में बोला जाता है कांग्रेसी कुछ भी नहीं बोलते हैं। उन्‍होंने कहा कि हिंदू सिर जुदा करना नहीं जानता, लेकिन जब चुनाव आता है तो ईवीएम मशीन के जरिए हिसाब बराबर करना जरूर जानता है। उन्‍होंने कहा कि देश के कोने-कोने में हिसाब बराबर करने का समय आ गया है और यह काम चुनावों में हमें करना है। सरमा ने कहा कि राजस्‍थान वीरों की धरती है, इसलिए सनातन हिंदू उससे जुदा नहीं हो सकता है।

सभा में मौर्य ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार और अपराधियों का बोलबाला है। पहले यूपी में भी ऐसा ही होता था। अपराधी पुलिस को डराते थे, लेकिन वहां जब से भाजपा की सरकार बनी अपराधी यूपी छोड़कर भाग गए या जेल में हैं। यकीन मानिए कि विकास और सुशासन की गारंटी है भाजपा। देश हो या प्रदेश जहां भाजपा की सरकार है, वहां विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम का डंका देश में ही नहीं, विदेश में भी बज रहा है। यह सब आप द्वारा कमल का फूल खिलाने के कारण संभव हुआ। राजस्थान में भी आपको कमल खिलाना है। मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार और कांग्रेस का जन्मजात रिश्ता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई होती है तो कांग्रेसी तिलमिलाते हैं। उन्होंने जनता से पूछा, जो भ्रष्टाचार करे उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए कि नहीं। कार्रवाई होती है तो ये घबरा जाते हैं।

उप मख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि आज यूपी में दूरबीन लेकर खोजने पर भी कांगेस दिखाई नहीं देती। यूपी कई मामलों में आगे है, लेकिन एक मामले में राजस्थान से पीछे है। अभी यूपी में अस्सी लोकसभा सीटों में से एक सांसद कांग्रेस का है, लेकिन यहां तो आपने 25 के 25 सांसद भाजपा के जिता दिए। आपको आगे भी ऐसा ही करना है। जैसे आपने लोकसभा में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया, वैसे ही आपको विधानसभा में ही करना है। जब आप 25 सांसद जिता सकते हैं तो 200 विधायक भी जिता ही सकते हो। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा का कमला खिलेगा तो इस कमल की सुगंध पूरे देश में फैल जाएगी। ये मारवाड़ की धरा है। देश का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं होगा, जहां मारवाड़ी भाई नहीं होगा।

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश बदल रहा है। आपके एक कमल की ताकत ने क्या से क्या नहीं कर दिया। अयोध्या में पांच सौ साल बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। अनुच्छेद 370 इसलिए हटी कि आपने भाजपा जिताई। मौर्य ने नारा दिया, विश्वास करो तुम मोदी पर यह नवयुग का निर्माता है, ऐसा नेता इस धरती पर एक बार ही आता है। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में नया गठबंधन बन रहा है। इसमें प्रधानमंत्री पद के एक दर्जन उम्मीदवार हैं। वो कहते हैं हम तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे, लेकिन जनता बनाना चाहती है तो ये रोक नहीं सकते।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button