विधानसभा चुनाव-2023 के मद्देनज़र वीसी से हुई कार्यशाला
स्वीप गतिविधियों को प्रभावी बनाने बहुआयामी कार्ययोजना बनाकर प्रभावी माहौल बनाने पर जोर
जोधपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव-2023 को दृष्टिगत रखते हुए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागृत किए जाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा शनिवार को वीसी के माध्यम से कार्यशाला हुई। इसमें राजीव गांधी सेवा केन्द्र जोधपुर के वीसी रूम से स्वीप के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक सुराणा, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, कॉलेज शिक्षा के सहायक निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान् नव मतदाता पंजीकरण के अन्तर्गत 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के पंजीकरण, मतदाता जागरुकता एप्स, ईवीएम-वीवीचीएटी से मतदान की प्रक्रिया, सोशल मीडिया हैण्डल्स आदि पर व्यापक चर्चा कर महत्त्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए गए।
समीक्षा बैठक में स्वीप गतिविधियों की समीक्षा
इस वीसी से पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें नोडल अधिकारी श्री अभिषेक सुराणा ने स्वीप से संबंधित सभी प्रभारी अधिकारियों से स्वीप गतिविधियों की जानकारी ली और समीक्षा की। इनमें सभी विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ, ब्लॉक ईएलसी, कैम्पस एम्बेसेडर, कॉलेज शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा के नोडल, स्वीप नोडल अधिकारी एवं ईएलसी नोडल आदि ने हिस्सा लिया।
स्वीप के जिला नोडल अधिकारी श्री अभिषेक सुराणा ने भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुरूप व्यापक स्तर पर स्वीप गतिविधियों का संचालन करने के निर्देश दिए और कहा कि स्वीप गतिविधियों की प्रगति के बारे में सभी प्रभारी अधिकारी नियमित रूप से मोनिटरिंग करें।