सम्भागीय आयुक्त बी एल मेहरा ने पदभार ग्रहण किया
जोधपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री भंवरलाल मेहरा ने शुक्रवार को जोधपुर के संभागीय आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने पर नवनियुक्त संभागीय आयुक्त का जिला कलक्टर श्री हिमांशु गुप्ता, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री ओमप्रकाश विश्नोई, संभागीय आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ ही संभाग एवं जिलास्तरीय विभिन्न अधिकारियों ने स्वागत किया।
संभागीय आयुक्त ने अपने कार्यालय के अधिकारियों से जोधपुर संभाग और सम सामयिक विषयों पर जानकारी ली तथा कार्यालय का अवलोकन किया।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री बी.एल. मेहरा इससे पूर्व अजमेर एवं बीकानेर के संभागीय आयुक्त, सरदार पटेल पुलिस विश्व विद्यालय में रजिस्ट्रार, प्रतापगढ़ में जिला कलक्टर, स्टेट इंश्योरेंस विभाग में निदेशक, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग में संयुक्त शासन सचिव, अजमेर विकास प्राधिकरण में आयुक्त, राजस्थान स्टेट कमिशन फॉर प्रोटक्शन आफ चाइल्ड राइट्स के सदस्य सचिव के पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
श्री मेहरा जोधपुर में भी नगर निगम आयुक्त, जेएनवीयू रजिस्ट्रार, प्राच्यविद्या प्रतिष्ठान निदेशक, जोधपुर डिस्कॉम में सचिव(प्रशासन) सहित कई पदों पर पदस्थापित रह चुके हैं।