राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लाभार्थी उत्सव आज
जोधपुर के 2.47 लाख से अधिक लाभार्थियों को होगा लाभ हस्तांतरण
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक क्लिक से करेंगे राशि का हस्तान्तरण
जोधपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का राज्यस्तरीय लाभार्थी उत्सव 11 जुलाई, मंगलवार को मध्याह्न 12 बजे आयोजित होगा।
उत्सव मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री टीकाराम जूली की अध्यक्षता में आयोजित होगा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के इस राज्य स्तरीय लाभार्थी उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम जोधपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा।
जिला कलक्टर श्री हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत इस लाभार्थी उत्सव के दौरान् जोधपुर जिले के 2.47 लाख से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पेंशन राशि से लाभान्वित करेंगे। बजट घोषणा के अन्तर्गत इनमें प्रत्येक लाभार्थी को एक हजार रुपए प्रति माह पेंशन मिलेगी। इनमें वृद्धजन पेंशन योजना, विशेष योग्यजन पेंशन योजना, एकल नारी पेंशन योजना, लघु एवं सीमांत कृषक पेंशन योजना है।
उल्लेखनीय है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के समस्त लाभान्वितों को 1 मई 2023 से न्यूनतम एक हजार प्रतिमाह पेंशन दिये जाने से 75 वर्ष तक की उम्र के पात्र लाभार्थियों को वर्तमान में देय पेंशन राशि 500-700 रुपये से बढकर एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल सकेगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि 30 जून तक महंगाई राहत केम्प के माध्यम से जोधपुर जिले में इन योजनाओं के पंजीकृत लाभार्थियों की संख्या 2 लाख 47 हजार से अधिक है, जिनके खातो में मुख्यमंत्री महोदय द्वारा वीसी में वर्चुअली 1000 रुपए की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।