वात्सल्य अभियान- एक कदम सुरक्षित मातृत्व की ओर

जोधपुर जिले मे 16,908 गर्भवती महिलाओं को वात्सल्य अभियान में मिली विशेष स्वास्थ्य सेवाएं

जोधपुर। जिला कलेक्टर श्री हिमांशु गुप्ता द्वारा जारी नवाचार के तहत जिले की गर्भवती महिलाओं के लिए वात्सल्य अभियान वरदान साबित हो रहा है। वात्सल्य अभियान (एक कदम सुरक्षित मातृत्व की ओर) का प्रथम चरण 14 जुलाई 2022 से जिले भर में प्रारंभ किया गया था।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के साथ ही वात्सल्य अभियान जिले के जिला अस्पताल, सेटेलाइट अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही उनके अधीन आने वाले आंगनवाड़ी केंद्र तक विशेष शिविरों का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जितेंद्र पुरोहित ने बताया कि इस विशेष अभियान में पीसीटीएस पोर्टल पर पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच, पोषण सबंधित परामर्श तथा नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं को एक ही छत के नीचे सुलभ करवाया गया। इसको लेकर गर्भवती महिलाओं में उत्साह नजर आया और स्वास्थ्य केंद्रों पर बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।
वात्सल्य अभियान का मुख्य उद्देश्य पोर्टल पर चिन्हित सभी गर्भवती महिलाओं को एक ही दिन में आवश्यक प्रसव पूर्व जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
  जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कौशल दवे ने बताया कि शुक्रवार को वात्सल्य अभियान के अंतर्गत 16,908 गर्भवती महिलाओ को विशेष स्वास्थ्य सेवाए उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक फलोदी खंड में 2687 गर्भवती महिलाओ को लाभान्वित किया गया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button