बाबा रामदेवरा के दरबार में शेखावत ने की देश की खुशहाली की कामना

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार देर रात रुणिचा धाम रामदेवरा के दरबार में शीश नवाकर सभी भारतवासियों के लिए खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दशमी की अतिपावन बेला में लोकदेवता बाबा रामदेव जी का दर्शन मन को श्रद्धा और विश्वास से पूरित कर गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमसब देश की खुशहाली, समृद्धि, उन्नति और अच्छे मानसून के लिए बाबा के दरबार में आकर हाजिरी लगाते हैं। इस बार बाबा के आशीर्वाद से देशभर में लगभग सभी जगह अच्छी बरसात हुई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां की पोकरण से रामदेवरा तक पैदल यात्रा पर शेखावत ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह जी का जोधपुर में 10 सितंबर को कार्यक्रम तय हुआ है, जिसमें बाड़मेर, जोधपुर, पाली और जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के हजारों बूथ कार्यकर्ता आने वाले हैं। सभी लोग इस कार्यक्रम में व्यस्त हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने तय किया कि पैदल यात्रा के कार्यक्रम को बाद में करेंगे, क्योंकि उनके मन में यह भी था कि मेला अभी समाप्त नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। दूरदराज से आने वाले यात्रियों को हमारी यात्रा के कारण से असुविधा न हो, भीड़भाड़ के कारण से किसी तरह का कष्ट न हो, इसलिए यात्रा को कुछ दिन के लिए स्थगित किया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा का संकल्प लेने के लिए बाबा के दरबार में हम सब लोग एक बार फिर हाजिर होंगे। बाबा से निवेदन करेंगे कि राजस्थान में जिस तरह का कष्ट है। राजस्थान के लोग जिस तरह से दुःखी हैं। राजस्थान की माताओं-बहनों की अस्मिता के साथ जिस तरह से खिलवाड़ हो रहा है। राजस्थान में जिस तरह से दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। राजस्थान में जिस तरह से लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन खराब हुई है। माफिया का राज स्थापित हुआ है। राजस्थान में जिस तरह से भ्रष्टाचार बढ़ा है। इन सबसे मुक्ति दिलाने के लिए आगामी चुनाव में हम सब बाबा का आशीर्वाद लेकर वर्ष 2023 के चुनाव के संकल्प के साथ जुटेंगे। उन्होंने कहा कि वह आगाज यहां से होगा। वह आगाज निश्चित रूप से इतना प्रचंड होगा कि इस बार कांग्रेस पार्टी जो है, उसके विधायकों की संख्या शायद ही दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।

शेखावत का अनेक स्थानों पर स्वागत
शेखावत देचू और फिर पोकरण पहुंचे। सगरा, मंडला, जैमला में ग्रामीणों से मुलाकात की। बाबा श्री रामदेव आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडला कल्ला देचू में विद्यार्थियों से मिले। शेखावत का मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। रामदेवरा में भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया। मंत्री शेखावत अनेक शोक सभाओं में भी शामिल हुए। इस दौरान अनेक जन प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता साथ रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button