प्रशासन शहरों के संग अभियान की तैयारियां शुरू
जोधपुर। आगामी 2 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशासन शहरों के संग अभियान की तैयारियों की समीक्षा को लेकर नगर निगम आयुक्त दक्षिण अरुण कुमार पुरोहित ने अधिकारियों की बैठक ली और समयबद्ध तरीके से सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त दक्षिण अरुण कुमार पुरोहित ने कहा कि दो अक्टूबर से प्रशासन शहरों के संग अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में भू-उपयोग परिवर्तन, भवन निर्माण अनुमति, नाम हस्तांतरण, लीज डीड, स्टेट ग्रांट पट्टे, सडक़ों के पैचिंग वर्क, रोड लाइट सहित कई महत्वपूर्ण कार्य संपादित होने हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लिपिक अपने-अपने लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करें। जिन प्रकरणों में दस्तावेजों की कमी है उसके लिए आवेदकों को नोटिस जारी कर दस्तावेजों की पूर्ति करने के लिए कहे, साथ ही जिनमें अधिकारियों की रिपोर्ट होनी है, उनमें संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट करवाएं। आयुक्त पुरोहित ने कहा कि अभियान के तहत जिन कच्ची बस्तियों को पट्टे दिए जा सकते हैं उन प्रकरणों को अलग कर संबंधित तकनीकी अधिकारी की रिपोर्ट करवाएं। यह अभियान काफी महत्वपूर्ण अभियान है और इसके लिए व्यापक तैयारी करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत दी जा सके। पुरोहित ने तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ों के पैचिंग वर्क व अन्य सिविल कार्यों के लिए यदि टेंडर प्रक्रिया की जानी है तो इसके लिए अभी से ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा करें। बैठक में उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, एसई संपत मेघवाल, एसई विनोद व्यास, सहित अन्य अधिकारी गण एवं संबंधित शाखा लिपिक मौजूद थे।