प्रभारी मंत्री एवम अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने नाचना में की जन सुनवाई
प्रशासन, पुलिस व विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रखी समस्याए
दिए निर्देश-हर समस्या का समयबद्ध हो समाधान
जैसलमेर। प्रभारी मंत्री, वन एवं पर्यारण मंत्री सुखराम विश्नोई तथा अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने शनिवार को जैसलमेर जिले के नाचना मुख्यालय पर पंचायत समिति सभागार में जन सुनवाई कर क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान नाचना और आस-पास के गांवों और ढाणियों से बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को सामने रखा और समाधान का आग्रह किया। जन सुनवाई में प्रधान अर्जुनराम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायणसिंह चारण, उपखंड अधिकारी राजेश विश्नोई, पुलिस उपाधीक्षक हुकमाराम, तहसीलदार बंटी राजपूत सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने खासकर पेयजल, बिजली, सड़क, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, महा नरेगा,नहरों, पशु चिकित्सा आदि से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने सभी समस्याओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली और समाधान के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री और अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने सभी विभागों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली और इनके बारे में ग्रामीणों से फीड बेक लिया। प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई ने अधिकारियों से कहा कि वे विकास योजनाओं और कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के साथ ही ग्रामीण विकास गतिविधियों में तेजी लाएं और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर सुशासन के संकल्पों को साकार करने में अपनी पूरी पूरी भागीदारी निभाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना तथा जनकल्याण गतिविधियों के माध्यम से जन जन का उत्थान करना शासन प्रशासन का फर्ज है और इसमें अव्वल भूमिका के साथ काम करना जरूरी है उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे आपस में समन्वय और निरंतर संवाद रखते हुए इस तरह से काम करें की जनता को बुनियादी लोक सुविधाएं प्राप्त होने में कोई दिक्कत ना आए और उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान हो जाए। अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने नाचना नहरी क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाओं की बात कहते हुए सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे बेहतर ढंग से काम करें और क्षेत्रीय विकास को सुनहरा आयाम दे। शाले मोहम्मद ने नाचना के मास्टर प्लान बनाते समय इसके सिवरेज लाइन के बारे में गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए और विकास अधिकारी से कहा कि इस बारे में समुचित कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्र में किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने पर जोर दिया और कहा कि नहरी प्रबंधन को और अधिक मजबूती देने की आवश्यकता है। बिजली क्षेत्र में सुधार व विकास की संभावना पर चर्चा करते हुए इस दिशा में अधिक योजनाओं के क्रियान्वयन की आवश्यकता जताई। नाचना पंचायत समिति के प्रधान अर्जुन राम ने दोनों मंत्रियों के प्रति आभार जताया और कहा कि जनसुनवाई से क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण में तेजी आएगी और विकास योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचेगा। जन सुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जन समस्याओं पर विभागीय कार्यवाही और निस्तारण से संबंधित प्रगति की जानकारी दी और क्षेत्र में अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित गतिविधियों के बारे में बताया।