पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान
करने के सम्बन्ध में शिविर 10 जुलाई को,
जिला कलक्टर ने ली जिला स्तरीय समिति की बैठक
जैसलमेर। राजस्थान में वास कर रहे पाक विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक जिला कलक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को जैसलमेर जिला कलक्ट्री सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना, पुलिस उपाधीक्षक श्यामसिंह सुन्दरसिंह, एफआरओ सुगनाराम, तहसीलदार पुष्पेन्द्र पांचल, जिला आसूचना अधिकारी नवीन माथुर, नगर परिषद के आयुक्त शशिकांत शर्मा, विकास अधिकारी सांकड़ा गौतम चौधरी, विकास अधिकारी जैसलमेर हीराराम कलबी, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक हरीश कुमार व्यास, सूचना प्रौद्योगिकी प्रोग्रामर जयश्री, दिलीपसिंह सोढ़ा, ओमप्रकाश, दिलीप कुमार, नाथुराम, इन्टेलीजेन्स ब्यूरो के एडी ए.एस.तंवर उपस्थित थे। जिला कलक्टर मोदी ने बैठक में बताया कि पाक विस्थापितों के पंजीकरण के लिए शनिवार, 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे पंजीकरण केम्प लगाया जायेगा। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को ई-मित्रा कियोस्क लगाने तथा केम्प के बाहर पंजीकरण से सम्बन्धित आवश्यक दस्तावेजों की चेक लिस्ट बनाकर केम्प के बाहर चस्पा करने के निर्देश दिए। जैसलमेर तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि सुरक्षाकर्मियों के साथ ही कियोस्क पर निर्धारित संख्या में कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके साथ ही कहा गया कि पंजीकरण के लिए आने वाले विस्थापितों के दस्तावेजों की जांच कर ही अन्दर प्रवेश करवाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि विस्थापितों का दस्तावेजों के साथ ही भौतिक सत्यापन भी किया जायेगा, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदनकर्ता, आवेदन के समय स्वयं उपस्थित रहें। उन्होंने नगर परिषद के आयुक्त शशिकांत शर्मा को निर्देश दिए कि केम्प के दौरान छाया-पानी आदि की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।