पुलिसकर्मियों ने आपातकाल में प्लाज़्मा दान कर पेश की मानवता की मिसाल
जोधपुर। शहर में निरंतर बढ़ते कोरोना केसेस के साथ ही गंभीर मरीजों के लिए कोविड रिकवर्ड प्लाज़्मा की डिमांड भी निरंतर बढ़ती जा रही है।
जोधपुर ब्लड डोनर्स के विशाल हिन्दुस्तानी ने बताया कि इन परिस्थितियों से निपटने हेतु समूह द्वारा पूर्व की भांति आपातकालीन समिति का गठन किया गया है ताकि गम्भीर मरीज़ों हेतु प्लाज़्मा तत्परता से उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि मथुरादास माथुर अस्पताल तथा राजदादी अस्पताल में भर्ती विभिन्न गम्भीर मरीज़ों हेतु तकऱीबन 6 यूनिट बी पॉजिटिव प्लाज़्मा की आवश्यकता थी जिस पर तुरंत समूह से जुड़े हुए नियमित रक्तदाता एवं हाल थाना झंवर में नवपदस्थापित एवं कमांडो ट्रेनिंग कर रहे मनोज परिहार से संपर्क किया गया जो अपने विश्राम समय का सदुपयोग करते हुए तुरंत एमडीएमएच ब्लड बैंक पहुंचे और मरीज़ हेतु प्लाज़्मा डोनेट किया।
जेबीडी समूह के मीडिया प्रभारी विजय अरोड़ा ने बताया कि इसके साथ ही पुलिस लाइन से आरआई ईश्वर चंद पारीक एवं हवलदार मेजर शिवलाल विरठ के त्वरित सहयोग से कांस्टेबल शीशपाल मेघवाल एवं राकेश टाक को भी एमडीएमएच ब्लड बैंक भेजा गया व् उन्होंने बी पॉजिटिव प्लाज़्मा डोनेट किया। समूह द्वारा बी पॉजिटिव के छह मरीज़ों व एक अन्य गंभीर मरीज़ हेतु ओ पॉजिटिव प्लाज़्मा उपलब्ध करवाया। उन्होंने बताया कि प्लाज़्मा की इस मुहिम को जिला प्रशासन के सहयोग से और तेजी दी जाएगी तथा प्लाज़्मा बैंक स्थापित करने हेतु एडवांस डोनेशन की प्रणाली पर ज़ोर दिया जाएगा ताकि मरीज़ों को ऐन समय पर परेशान न होना पड़े। मथुरादास माथुर रक्तकोष की डॉ अनिता तथा लैब टेक्नीशियन मोहम्मद तौसीफ़, राजेन्द्र चौधरी तथा हनवंत ने प्लाज़्मा डोनेशन का प्रोसेस सफलतापूर्वक संचालित किया।