बार कौंसिल ऑफ इंडिया का फैसला: अब 5000 की बजाय 20 हजार मिलेंगे
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। बार कौंसिल ऑफ इंडिया एडवोकेट्स वेलफेयर फंड फॉर द स्टेट ऑफ राजस्थान समिति की बैठक बीसीआई को-चेयरमैन सुरेशचंद्र श्रीमाली की अध्यक्षता में बार कौंसिल कार्यालय जोधपुर में संपन्न हुई। इसमें सदस्य जगमालसिंह चौधरी व संजय शर्मा ने भी भाग लिया।
बीसीआई ने बार कौंसिल ऑफ इंडिया एडवोकेट्स वेलफेयर फंड कमेटी फॉर द स्टेट ऑफ राजस्थान द्वारा भेजे गए संशोधनों को पारित कर दिया गया। इन संशोधनों के पश्चात अब बार कौंसिल ऑफ इंडिया एडवोकेट्स वेलफेयर फंड फॉर द स्टेट ऑफ राजस्थान के तहत अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता में बीमारी पर मिलने वाली 5 हजार की राशि को बढ़ाकर 20 हजार कर दिया गया है। साथ ही अधिवक्ता की मृत्युपरांत उनके परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 35 हजार किया गया है। बैठक में समिति ने निर्णय लिया कि बार एसोसिएशन श्रीगंगानगर, कोटा, बीकानेर, बाड़मेर एवं भरतपुर में एआईआर कैफे स्थापित किए जाएं। इसके लिए प्रत्येक कैफे पर लगभग 30 लाख रुपए की लागत आने का अनुमान है। कैफे की स्थापना के लिए कुल लागत राशि का 10 प्रतिशत राशि का हिस्सा संबंधित बार एसोसिएशन वहन करेगी। बैठक में समिति द्वारा बार एसोसिएशन, मेड़ता एवं बार एसोसिएशन, डिगोद जिला कोटा में कम्प्यूटर मय प्रिंटर देने की स्वीकृति भी दी गई।