सोता हुआ मिला स्कूली शिक्षक, तीन शिक्षिकाएं अनुपस्थित
जोधपुर। जिले के लूणी ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भगतासनी में आकस्मिक अवलोकन करने गए संयुक्त निदेशक प्रेमचन्द्र सांखला को एक शिक्षक खम्मूराम विश्नोई सोते हुए मिला एवं तीन शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिली।
संयुक्त निदेशक प्रेमचन्द्र सांखला ने बताया कि आकस्मिक निरीक्षण के समय दोपहर 12:10 बजे शिक्षक खम्मूराम विश्नोई विद्यालय में दरी पट्टी बिछाकर सो रहा था तथा कक्षाएं रिक्त पाई गई। वहीं तीन शिक्षिकाएं सुमन मीणा, शिल्पा सेटिया एवं मंजू सुबह के हस्ताक्षर करके विद्यालय से नदारद पाई गई। प्रधानाध्यापिका ज्ञानेश्वरी देवी को पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई एवं तीन शिक्षिकाओं के प्रार्थना पत्र बिना तिथि एवं बिना स्वीकृत किए हुए थे। कक्षाओं का अवलोकन करने पर देखा गया कि बच्चों का होमवर्क जांचा हुआ नहीं था ना ही इस माह कोई गृहकार्य दिया गया। बच्चों की हिन्दी भाषा का ज्ञान भी नहीं था। तीन शिक्षिकाओं सहित अध्यापक एवं प्रधानाध्यापिका को कारण बताओं नोटिस जारी कर शीघ्र ही अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।