282 मिर्गी मरीजों की जांच कर दवा दी
जोधपुर। हर माह आयोजित होने वाले निशुल्क मिर्गी जांच कैंप का 272वां नि:शुल्क कैंप आयोजित किया गया जिसमें 282 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवा का वितरण किया गया।
कैंप के मुख्य अतिथि अतरिक्त पुलिस उपायुक्त नाथूसिंह राठौड़ थे जिनको मिगी रोग विशेषज्ञ और शिविर आयोजक डॉ नगेन्द्र शर्मा ने पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। पुलिस उपायुक्त ने कैंप में आने वाले मरीजों के बारे में जानकारी ली और कहा कि मिर्गी रोग एक ऐसी सामाजिक समस्या है जिसमे मरीज अपना इलाज करवाने के बजाय भूत प्रेतों के चक्कर में पडक़र भोपे और जादू टोने से इलाज करवाता है लेकिन इन कैंपों पूरे भारत के मरीजों को ये संदेश पहुंचाया है कि ये रोग भूत प्रेतों के नहीं बल्कि एक मस्तिष्कीय बीमारी है जो लाइलाज नहीं बल्कि इलाज से पूर्णतया ठीक हो जाता है। डा नगेंद्र शर्मा ने लगातार 22 वर्षों से पीडि़त मानवता की सेवा का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है जो मैंने अपने जीवन में नही देखा। ये मानव सेवा की एक मिसाल है। इस अवसर पर एमडीएम अस्पताल के फिजिशियन डा रमेश चंद्र सीरवी को कोरोना काल में दी गई अमूल्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। लाल बूंद जिंदगी सेवा संस्थान के अध्यक्ष रजत गौड़ और सचिव रवि तिवारी को भी उनके द्वारा रक्त दान शिविरों का आयोजन करने के लिए सम्मानित किया गया। शिविर संयोजक किशन प्रजापति के अलावा वंदना राठौड़ व अन्य सहयोगियों ने अपना सहयोग दिया।