जोधपुर डिस्कॉम के एमडी का कार्यकाल एक साल और बढ़ा
जोधपुर। राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक अविनाश सिंघवी का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि 14 फरवरी को सिंघवी का कार्यकाल पूरा हो गया था। उल्लेखनीय है कि यह तीसरी बार है जब सरकार ने उनके कार्यकाल को बढाया है।
सरकार से आदेश प्राप्त होते ही प्रबंध निदेशक अविनाश सिंघवी कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। बाद में उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लगा रहा। निदेशक तकनीक के पी वर्मा, निदेशक वित्त श्रीमती कीर्ति कच्छवाह, संभागीय मुख्य अभियंता जोधपुर जोन गोपाराम सीरवी, सचिव प्रशासन मुकेश चौधरी, कंपनी सचिव आर के सिंह, मुख्य लेखा नियंत्रक डा. एस के गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र चौधरी, जनसम्पर्क अधिकारी श्रीमती आकांक्षा पालावत सहित कई सीनियर ऑफिसर व स्टाफ सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।
सिंघवी ने तीसरी बार कार्यकाल बढाने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, ऊर्जा मंत्री डा. बीडी कल्ला, चेयरमैन डिस्कॉम्स व ऊर्जा सचिव दिनेश शर्मा का आभार ज्ञापित किया और कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचे और अच्छी व गुणवत्ता युक्त बिजली उपलब्ध हो यह इस बार भी प्राथमिकता में रहेगा। विभिन्न कर्मचारी संगठनों, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने भी अविनाश सिंघवी के कार्यकाल बढने पर उन्हें बधाई दी है।