स्वास्थ्य कर्मियों का शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन करवाने पर दिया बल
जोधपुर। जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों का शत प्रतिशत कॉविड वैक्सीनेशन करवाया जाए। उन्होंने राजीव गांधी सेवा केंद्र वीसी रूम में आयोजित जिला टास्क फोर्स की सातवीं समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बात कही।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के बचाव हेतु सरकार की ओर से कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा रहा है। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला व खंड स्तरीय अधिकारियों से वी सी के माध्यम से कहा कि पंजीकृत लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाने के लिए पूरे प्रयास किए जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को मोटिवेट करें और उन्हें बताए कि कोविड-19 वैक्सीनेशन उनके लिए अच्छा है। उन्होंने कहा कि कोई भी लाभार्थी वैक्सीन लगवाने से वंचित नही रहे। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा रहा है व इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला कलेक्टर ने एसएन मेडिकल कॉलेज संलग्न अस्पतालों को भी अपनी अधिकतम साइट्स का उपयोग करते हुए कवरेज बढ़ाने के लिए पाबंद किया। साथ ही उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों से आगामी 4 फरवरी 2021 से प्रस्तावित टीकाकरण के लिए लाभार्थियों की सूची इंद्राज करने के लिए निर्देशित किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद डॉ इंद्रजीत यादव ने समीक्षा बैठक में अब तक के टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 20807 स्वास्थ्य कर्मियों का कोविड-19 टीकाकरण चुका है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अंजुम ताहिर समा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।