लगातार दो माह से प्रदेशभर की रैंकिंग में अव्वल रहे सिरोही सीएमएचओ
सिरोही। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान सरकार ने माह दिसंबर, 2020 की रैंकिंग जारी की उसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संपूर्ण कार्यक्रमों की रैंकिंग में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार का प्रथम स्थान रहा। साथ ही गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण व स्वास्थ्य सुविधा में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विवेक कुमार को प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ एवं इसी क्रम में डॉ. महेश गौतम, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) प्रदेशभर में दूसरा स्थान पर रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण व स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में प्रदेशभर में चिकित्सा विभाग के 34 जिलों में से 33 जिलों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य का 76.28 प्राप्त किया। गर्भवती महिलाओं की जांच में वार्षिक लक्ष्य का 60.57 प्रतिशत प्राप्त किया। संस्थागत प्रसव के वार्षिक लक्ष्य का 71.39 प्रतिशत प्राप्त किया। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. महेश गौतम ने परिवार कल्याण के क्षेत्र में नसबंदी के क्षेत्र में वार्षिक लक्ष्य का 60.09 प्रतिशत प्राप्त करने पर प्रदेशभर में चिकित्सा विभाग के 34 जिलों में से 32 जिलों को पछाड़कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।