लाइव कार्यक्रम में श्रोताओं से रूबरू हुए संभागीय आयुक्त
जोधपुर। संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि 16 जनवरी से देश में शुरू होने वाले विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के लिए जोधपुर संभाग पूरी तरह से तैयार है। संभागीय आयुक्त डॉ. शर्मा आकाशवाणी जोधपुर के एफ एम सनसिटी चैनल पर लाइव कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी एवं प्रशासन मिलजुल कर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जी जान से जुटे है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन लगाने के लिए कोविड एप का उपयोग किया जाएगा तथा इस अभियान की शुरू से अंत तक मॅानिटरिंग भी की जाएगी।
संभागीय आयुक्त ने श्रोताओं से रूबरू होकर टीकाकरण से पहले व दूसरे फेज की जानकारी दी तथा जनता से इस बारे में फैलाई जा रही अफवाहों से बचने की सलाह दी। कार्यक्रम में भानु पुरोहित के एक सवाल के जवाब में संभागीय आयुक्त ने जोधपुर की जनता को बर्ड फ्लू से भी सचेत रहने की अपील की। संभागीय आयुक्त ने युवा पीढ़ी से परम्परागत खान-पान को अपनाने और उसे प्रोत्साहित करने की बात भी कही। इस अवसर पर उन्होंने आकाशवाणी परिसर में पौधारोपण भी किया। इस लाइव कार्यक्रम के दौरान संचालन कार्यक्रम अधिशाषी ओमप्रकाश लखारा ने किया तथा जीवंत वार्तालाप वरिष्ठ उद्घोषक भानू पुरोहित ने किया। आकाशवाणी जोधपुर के उप महानिदेशक के के माथुर एवं कार्यक्रम प्रमुख रविदत्त मोहता ने संभागीय आयुक्त का स्वागत किया। कार्यक्रम की परिकल्पना एफ एम प्रोडयुसर मनीश कुमार सोलंकी ने किया।