राजस्व अधिकारियों को लम्बित राजस्व प्रकरणों में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए है
पाली। जिला कलक्टर अंश दीप ने राजस्व अधिकारियों को लम्बित राजस्व प्रकरणों में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जिला कलक्टर ने शुक्रवार को राजीव गांधी सेवा केन्द्र में विड़ियो काॅन्फ्रेसिंग के जरिए राजस्व अधिकारियों से उनके इलाकों का फीड बैक लिया। इस दौरान उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, पशुपालन, कृषि समेत विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की समीक्षा के साथ उपखण्ड़ क्षेत्रों में इन विभागों की समस्याओं के बारे में संबंधित उपखण्ड अधिकारियों से जानकारी लेकर उन पर की गई कार्यवाही की संबंधित विभागीय अधिकारियों को पालना रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए।
विड़ियो काॅन्फ्रेसिंग के दौरान जिला कलक्टर ने पाली जिले में बीते दिनों से हो रही पक्षियों की मौतों के बारे में जानकारी ली तथा बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने को कहा। जिला कलक्टर ने जिले के सात नगर निकायों में प्रस्तावित चुनावों के बारे में तैयारियों का फीडबैक लेते हुए आवश्यक तैयारियां जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वीसी में जिला कलक्टर ने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज करवाए गए मामलों को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए ताकि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के पहले पाली जिले की पैन्डेंसी खतम की जा सके। उन्होंने कहा कि जिन उपखण्ड़ क्षेत्र में राजस्व केस लम्बित है उन्हें जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए। सीएम की वीसी में इस पर चर्चा होगी। वीसी में बताया गया कि 63 विषयों के तहत जैतारण, सोजत, देसूरी व पाली में चार केस लम्बित है। श्मशान भूमि के आरक्षण से जुडे दो केस रानी में लम्बित है। आबादी विस्तार के 11 प्रकरण बकाया है जबकि नामांतरकरण के 26 मामलें लम्बित है। उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों से तहसीलवार बकाया प्रकरण जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं –
जिला कलक्टर अंश दीप ने पाली जिले में पिछले दिनों मृत पाए गए कौओं के सैम्पल की भोपाल से आई रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि पाली जिले में बर्ड फ्लू का अब तक एक भी केस नहीं पाया गया है। भोपाल की लैब भेजे गए 17 नमूनों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी एहतियात के तौर पर सभी उपखण्ड क्षेत्रों में परिंदो के साथ अन्य पक्षियों की मौतों को लेकर सतर्कता बरती जानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पक्षियों की असामान्य मौतें हो रही वहां विभाागीय कर्मचारी उन पक्षियों के शवों के नमूने लेने के साथ उन्हें डिस्पोज करने की कार्यवाही के दौरान पीपीई किट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के मुसालिया व फुलाद समेत विभिन्न इलाकों में संचालित पोल्ट्री फार्मस में रखी जा रही मुर्गीयों के स्वास्थ्य की जांच करवाने को कहा।
वैक्सीनेशन की तैयारियां पूर्ण –
जिला कलक्टर ने कोरोना महामारी के संक्रमण को थामने के लिए केन्द्र तथा राज्य सरकार की गाईडलाईन के अनुरूप वैक्सीनेशन के लिए पाली जिले में अब तक की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी उपखण्ड अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में वैक्सीनेशन के लिए चिन्हित किए गए केन्द्रों पर आवश्यक तैयारियों का इंतजाम परखे। साथ ही तैयारियों में कोई कमी पाए जाने पर तुरंत प्रभाव से कमियां दूरूस्त करवाएं। जिला कलक्टर ने कहा कि जिस तरह से पाली जिले के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने टीम वर्क के साथ कोरोना महामारी का संक्रमण थामने की दिशा में काम किया है वैसे ही वैक्सीनेशन की प्रक्रिया में टीम वर्क के साथ आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य करें।
चुनावी तैयारियांें का लिया जायजा –
जिला कलक्टर ने पाली जिले के सात नगर पालिकाओं सोजत सिटी, सादडी, बाली, तखतगढ़, रानीखुर्द व जैतारण में 28 जनवरी को प्रस्तावित आम चुनाव के लिए अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलक्टर ने संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को जिला निर्वाचन कार्यालय की और से तैयार किए गए चुनाव कलेण्डर के हिसाब से आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह पिछले चुनावों में अधिकारियों व कर्मचारियों ने कर्तव्य निष्ठा के साथ चुनावी कार्य संपादित करवाएं है उसी तरीके से निकाय चुनावों में भी यह कार्य धरातल पर क्रियांवित होने चाहिए। जिला कलक्टर ने प्रशिक्षण स्थल, ईवीएम, नामांकन पत्रों की जांच, विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से किए जाने वाले कार्यो के साथ अन्य तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पानी, बिजली व सड़क की समस्याएं दूर करें –
जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों व विभागीय कर्मचारियों को पानी, बिजली व सड़क से जुडी समस्याएंे जल्द दूर कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। वीसी में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी जवाई बांध से एकांतरे पानी दिया जा रहा है। जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को जल जीवन मिशन की सूची भिजने को कहा। सानिवि के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों के बकाया पेचवर्क का कार्य अभी पूर्ण करवाया जा रहा है। जिला कलक्टर ने खनि विभाग के अधिकारियों से जिले में अवैध रूप से किए जा रहे खनिज के परिवहन को लेकर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों इस संबंध में जिला कलक्टर कार्यालय से आदेश जारी किए जाने के बावजूद अब तक अवैध रूप से खनिजों का अवैध परिवहन हो रहा है। जिले में जैतारण, रानी व रोहट क्षेत्र में खनिजों की अवैध परिवहन की सर्वाधिक शिकायतें मिल रही है। जिला कलक्टर ने कहा कि रोहट क्षेत्र में ड्रोन सर्वे करवा रहे है। उन्होंने लीज होल्र्ड से सामाजिक सहभागिता योजना के तहत जरूरतमंद स्कूली बच्चों के लिए किताबों, काॅपियों के साथ अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए कहा।
वीसी में अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रभान सिंह भाटी, राधेश्याम मीना, उपखण्ड अधिकारी उत्सव कौशल, एसई पीडब्ल्यूडी एलसी वाघेला, डिस्काॅम घनश्याम चौहान, तहसीलदार पंकज जैन, डीटीओ राजेन्द्र दवे, पशुपालन विभाग संयुक्त निदेशक सीडी गौतम, विनोद भाटी, सुरेन्द्र जैन, डीओआईटी राजेश चौधरी, उप निदेशक कृषि विस्तार जितेन्द्रसिंह समेत विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी व ब्लाॅक अधिकारी वीसी के जरिए जुडे रहे।