माउंट पारा 1 डिग्री पर, जमी बर्फ, सिरोही में पारा 11 डिग्री
सिरोही। उत्तर भारत में बर्फबारी के असर से हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार 11 दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। यहां का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के पास रहने से लगातार 11 दिनों से सुबह जगह-जगह ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो रही हैं।
गुरुवार को माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि बुधवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री और मंगलवार को न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि यहां तापमान बढ़ने के बावजूद सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार को भी तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहने से सवेरे नक्की झील पर खड़ी बोट की सीट, पोलो ग्राउंड समेत होटलों और मकानों के बगीचों की घास पर सवेरे ओस की बूंदें बर्फ बन गई। साथ ही माउंट आबू के ओरिया, गुरुशिखर और अचलगढ़ क्षेत्र में भी सवेरे जगह-जगह बर्फ जमी नजर आई। इधर, माउंट आबू के साथ जिलेभर में सर्दी का असर बरकरार है। सिरोही में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोगों ने सर्दी से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लिया।