राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां शुरू
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। आगमाी 12 दिसम्बर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता तथा कार्य योजना हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश रविन्द्र कुमार जोशी के निर्देशन में जोधपुर महानगर पदस्थापित समस्त न्यायिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव सिद्धेश्वर पुरी ने बताया कि सभी प्रकृति के विवादों के निस्तारण हेतु प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत का 12 दिसम्बर को आयोजन किया जाना है। इसके मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी व निजी बैंकों तथा बीमा कंपनियों व अन्य वित्तीय संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन कर उन्हें निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक प्रकरणों के निस्तारण में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। बैठक में प्री-लिटिगेशन और लंबित प्रकरणों को समाहित करते हुए शमनीय दांडिक अपराध, अंतर्गत धारा 138, परक्राम्य विलेख अधिनियम, बैंक रिकवरी मामले, एमएसीटी मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम-विवाद व अन्य सिविल मामले आदि का निस्तारण के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए।