दूसरा वर्चुअल हैंडीक्राफ्ट फेयर सम्पन्न
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फोर हैण्डीक्राफ्ट (इपीसीएच) की ओर से देश का दूसरा वर्चुअल हैण्डीक्राफ्ट फेयर मंगलवार को सम्पन्न हुआ। इपीसीएच के 50वें आइएचजीएफ हैण्डीक्राफ्ट दिल्ली फेयर में 365 करोड़ रुपए की व्यवसायिक पूछताछ की गई।
इपीसीएच के महानिदेशक राकेशकुमार ने बताया कि कोविड महामारी के प्रकोप के कारण उत्पन्न हुई स्थिति को दूर करने के लिए फिजीकल फेयर संभव नहीं था, इसलिए वर्चुअल फेयर आयोजित किया गया। इपीसीएच अध्यक्ष रवि के पासी ने बताया कि फेयर करीब 25 वर्चुअल हॉल्स में फैला था, जिसमें देश के 1400 से अधिक निर्माताओं और निर्यातकों ने भाग लिया। फेयर में 116 देशों के लगभग 4360 विदेशी खरीदारों, प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पासी ने बताया कि फेयर के मुख्य आकर्षण फैशन रैंप शो, शिल्प प्रदर्शन, वेबिनार और पैनल डिस्कशन बने रहे। फेयर में वर्चुअल बूथों के लिए विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ डिज़ाइन प्रदर्शन के लिए अजयशंकर मेमोरियल पुरस्कार दिए गए। फेयर में महिला उद्यमियों को भी पुरस्कार दिए गए जिसमें महिला उद्यमी श्रेणी में जोधपुर की मैसर्स एंटीक इंडिया फर्नीचर को पुरस्कृत किया गया।