अलग-अलग स्थानों पर 7500 मास्क का किया वितरण
सेवा भारती समाचार।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए चलाए जा रहे जन आंदोलन अभियान के तहत नगर निगम की ओर से चलाया जा रहा मास्क वितरण कार्यक्रम जारी रहा और अलग-अलग स्थानों पर करीब 7500 मास्क वितरित किए गए। वहीं शहर में आयोजित हुई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में परीक्षा देने बिना मास्क आए परीक्षार्थियों को भी नगर निगम ने मास्क उपलब्ध करवाएं।
नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम टोको- कोरोना अभियान चला रहा है। बिना मास्क पहने घरों से बाहर निकलने वालों को आमजन टोके और उन्हें मास्क पहनकर ही घरों से बाहर निकलने के लिए प्रेरित करें, यह प्रयास सभी को करना चाहिए। तोमर ने बताया कि रविवार को नगर निगम के कार्मिकों ने सिटी बस स्टैंड, कच्ची बस्ती, हाथ ठेला चालक, दुकानदार व राहगीरों को करीब 7500 मास्क वितरित किए। साथ ही लोगों को बताया गया कि जब तक दवाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं रखनी चाहिए और मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि शहर में 32 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के लिए मास्क अनिवार्य किया गया था, लेकिन कई परीक्षार्थी बिना मास्क परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। ऐसे में नगर निगम की ओर से बिना मास्क आने वाली परीक्षार्थियों को निशुल्क उपलब्ध करवाया गया।