30 नवम्बर तक विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। सम्भागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने राजीव गांधी सेवा केन्द्र से सम्भाग के 6 जिलों के एक हजार से अधिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्या, प्रधानाध्यापक व शिक्षकों से वीडियों कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की व शिक्षा में गुणात्मक सुधार, विद्यालयों में शतप्रतिशत नामांकन, समय पर विद्यालय आने व पूरे समय ठहराव व कोरोना काल में स्माइल कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संचालित करने के सन्दर्भ में सार्थक संवाद किया व अच्छे परिणाम लाने के निर्देश दिए। सम्भांगीय आयुक्त ने वीसी में सभी शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापकों व अध्यापकों से शाला प्रवेश की जानकारी ली व 30 नवम्बर तक शत-प्रतिशत नामांकन कराने के सार्थक प्रयास करने को कहा। सम्भागीय आयुक्त ने कहा कि शिक्षक समय पर विद्यालयों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करे व विद्यालय में अपना ठहराव सुनिश्चित करावें। साथ ही शिक्षण कार्य में अपना शत प्रतिशत योगदान दें।
सम्भागीय आयुक्त ने कहा कि शिक्षकों के कंधो पर बड़ी जिम्मेदारी है। समाज में उन्हे सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। शिक्षक देश के लिए बड़ा कार्य कर रहे है, विकसित और शिक्षित भारत के निर्माता माने जाते है। उन्होने कहा कि विद्यालयों में आने के बाद शिक्षा के लिए योगदान देना होता ह,ै उसे भलिभांति निभावे ताकि बच्चे विषय को अच्छी तरह समझ ले और शिक्षकों को समाज मे प्रशंसा मिले। उन्होंने कहा कि शिक्षक गांव के प्रत्येक लोगो के लिए आदर्श होता है, यह सभी को प्रस्तुत करना है। जहां भी पदस्थापित रहे, अपनी योग्यता, ज्ञान व शिक्षण कार्य की छाप छोड़े ताकि लोग याद करें। विद्यालयों में क्लास में शिक्षक कार्य के दौरान अपना पूरा ध्यान इसी पर केन्द्रित रखे व मोबाईल का उपयोग अत्यावश्यक हो तभी करे। शिक्षक हमेशा बेस्ट देने का प्रयास करे। सम्भागीय आयुक्त ने कहा कि सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा समय समय पर जो भी निर्देश, आदेश जारी किए जोते है उनकी सभी को जानकारी हो व उनकी पालना भी की जाए। कोरोना काल में अभी चलाये जा रहे स्माइल 2 का कार्यक्रम की सही तरीके से क्रियान्विति की जाए। इसके लिए सभी कक्षा अध्यापकों को कक्षा बार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर शिक्षण सामग्री प्रेषित करनी है और इसके माध्यम से होमवर्क देना व उनकी पुन: जांच समय पर की जाए। जहां मोबाइल सुविधा नही उनके अभिभावको के स्वयं जाकर मिले व बच्चे को होमवर्क देवे व उसकी रिपोर्ट शाला प्रधान को करे।
संभागीय आयुक्त ने वीसी के दौरान अनेक शिक्षा अधिकारियों व शिक्षकों से सीधा संवाद भी किया व विद्यालयों में नामांकन, सरकारी आदेशों की पालना व विद्यालयों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी पाली, बाड़मेर, जैसलमेंर, सिरोही, जालोर व सुमेरपुर के शिक्षक कानसिंह राणावत, खेजड़ली के प्रधानाचार्य, झालामण्ड विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेन्द्र सिंह कुम्पावत, बावड़ी ब्लाक के पीओ गगाणी कमलेश तिवारी, सेखाला के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से भी बात की।
वीसी रूम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक ओमसिंह राजपुरोहित, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजेएस श्रीमती रंजनी शेखावत ने भी अपने विचार प्रकट किए व चलाये जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। संयुक्त निदेशक प्रेमचंद सांखला ने बैठक में संभाग के विद्यालय नामांकन की जानकारी दी व सभी से इसे ओर बढाने के लिए कहा। उन्होंने अन्य कार्यक्रमों के भी सही तरीके से लागू करने को कहा।
वीसी में संयुक्त निदेशक प्रेमचंद सांखला, एडीईओं प्रांरम्भिक ओमसिंह राजपुरोहित, सहायक निदेशक मोहम्मद रफीक खान, इन्साफ खान जई उप प्रधानाचार्य डाईट, भीखाराम प्रजापत, प्रहलादराम गोयल, शशि चौधरी, अब्दुल रज्जाक, हनुमानराम चौधरी, सभी सीआसी जोधपुर शहर, जोधपुर व पाली संभाग के संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा मुख्यालय, प्रारंभिक व माध्यमिक सभी एडीपीसी समसा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, आरपी सभी प्रधानाचार्य डाइट सभी पंचायत प्रारंम्भिक शिक्षा अधिकारी जुडे हुए थे।