मेरी सहेली अभियान शुरू
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। ट्रेन में अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा अब रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) करेगा। आरपीएफ की ओर से जोधपुर रेल मण्डल पर महिला रेलयात्रियों की सुरक्षा के लिए मेरी सहेली अभियान शुरू किया गया है। रेल मंत्रालय व उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार शुरु की गई इस पहल में आरपीएफ की मेरी सहेली टीम का गठन किया गया है। यह टीम प्रारंभिक रेलवे स्टेशन पर महिला से संपर्क स्थापित कर अपना मोबाइल नंबर शेयर करेगी। आरपीएफ की मेरी सहेली टीम महिला यात्री को यात्रा के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों, आरपीएफ की हेल्पलाइन नम्बर 182 के बारे में व आपात स्थिति में सम्पर्क किए जाने वाले नंबर की जानकारी देगी। यात्रा के दौरान महिला यात्री सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में रहेगी। मण्डल प्रवक्ता गोपाल शर्मा के अनुसार जोधपुर रेल मण्ड़ल पर अभियान की शुरुआत में गाड़ी संख्या 02386 जोधपुर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन से की गई। आरपीएफ की ओर से अकेली यात्रा कर रही महिला यात्री का कोच संख्या, सीट संख्या, मार्ग के सभी ठहरावों वाले रेलवे स्टेशनों की महिला सुरक्षाकर्मी तथा आरपीएफ पोस्ट को सूचित कर दिया जाएगा।