दशहरा महोत्सव पर भी कोरोना का साया इस बार नहीं मनाया जाएगा
सार्वजनिक आयोजनों पर रोक
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। अन्य त्यौहारों की तरह दशहरा महोत्सव पर भी कोरोना का साया रहेगा। कोरोना के कारण इस बार सदियों से चली आ रही रावण दहन की परम्परा पर विराम लग गया है। रावण के ससुराल जोधपुर में इस बार विजयादशमी के अवसर पर रावण के पुतले दहन को लेकर असमंजस बना हुआ था लेकिन अब राज्य सरकार के इंकार करने पर यह महोत्सव नहीं कराना तय किया गया है।
शहर में रावण का चबूतरा मैदान पर दशहरे का मुख्य आयोजन होता है। इसके अलावा कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और चैनपुरा मगरा पूंजला में रावण के पुतले बनाए जाते रहे है। नवरात्रा महोत्सव और विजयादशमी पर रावण का चबूतरा मैदान में होने वाले महोत्सव को लेकर नगर निगम ने कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को पत्र लिख मार्गदर्शन मांगा था इस पर राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि कोरोना की रोकथाम के लिए पहले से जोधपुर में धारा 144 लागू है। ऐसे में रावण दहन के दौरान आने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इसका आयोजन इस साल नहीं किया जाए। सरकार से जवाब मिलने पर अब निगम ने आयोजन की तैयारी बंद कर दी है। इधर कुड़ी में भी दशहरा पर रावण दहन नहीं होगा। कुड़ी सरंपच का कहना है कि कोरोना की गाइड लाइन की पालना में रावण दहन स्थगित कर दिया गया है। पहले सीमित स्तर पर प्रतीकात्मक स्तर पर पुतले दहन की योजना तैयार की गई थी लेकिन इसमें भी भारी भीड़ एकत्र होने की आशंका से इसे त्याग दिया गया।