खुरपका मुंहपका रोग टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। संभागीय आयुक्त डॉ समित शर्मा ने मिल्कमैन कॉलोनी में संचालित प्रथम श्रेणी चिकित्सालय में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका मुंहपका रोग टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।यह कार्यक्रम 25 नवंबर तक चलेगा। अतिरिक्त निदेशक डॉ चक्रधारी गौतम ने बताया कि यह टीकाकरण कार्यक्रम 25 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि गौवंश व भैस वंश में टीकाकरण किया जाएगा। बछड़ों को 28 दिन बाद बूस्टर डोज दी जाएगी। प्रत्येक पशु के रजिस्टे्रशन शुल्क के दो रूपए लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद प्रत्येक गौ व भैस वंश में 12 डिजीट का बार कोड वाला यूनिक आईडी टैंग कान में लगाया जाएगा व रजिस्टे्रशन इनॉफ सॉफ्टवेयर द्वारा गूगल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। संभागीय आयुक्त डॉ शर्मा ने इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक डॉ चक्रधारी गौतम से पशुपालन विभाग की पशुओं व पशुपालकों के लिए चलायी जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी ली व कहा कि इसका लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित करे। डॉ शर्मा ने विभाग द्वारा विभिन्न स्तर की संस्थाओं के लिए निर्धारित किए गए मानक मानदण्ड का विवरण तीन दिन में तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डॉ शर्मा ने पशुपालन विभाग की संस्थाओं के पुनर्निमार्ण के प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक संस्था के आउटडोर में विभाग द्वारा पशुपालकों को उपलब्ध करवायी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने व उपलब्ध औषधियों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोविड 19 महामारी से बचाव के लिए पशुपालाकों के लिए मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मिल्क मैन पशु चिकित्सालय में डॉ विक्रम डउकिया द्वारा मुर्रा भैसों में किए जा रहे डायफ्रेगमैटिक हरनिया के शल्य चिकित्सा की पूरी जानकारी ली व उनके कार्य की सराहना की। डॉ शर्मा ने आउटडोर के नए भवन का भी अवलोकन किया।