म्हारी योजना, म्हारो अधिकार विधिक सेवा शिविर शुरू
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर द्वारा ऑनलाइन नालसा (विधिक सेवा शिविर) मॉडल स्कीम म्हारी योजना, म्हारों अधिकार का शुभारंभ मंडोर पंचायत समिति के बनाड़ ग्राम पंचायत में किया गया। शिविर का प्रचार प्रसार एवं लाभान्वितों के चिन्हीकरण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार जोशी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इन्द्रजीत यादव ने जिला न्यायालय परिसर जोधपुर महानगर में मोबाइल वैन को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धेश्वर पुरी, मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट जितेन्द्र सांवरिया तथा अपर जिला मजिस्ट्रेट तृतीय अंजुम ताहीर सम्मा उपस्थित थे। शिविर की शुरूआत बनाड़ ग्राम पंचायत के राजीव गांधी सेवा केन्द्र में की गयी। सचिव सिद्धेश्वर पुरी ने बताया कि म्हारी योजना, म्हारों अधिकार अभियान के तहत विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से बनाड़, सोडेर की ढाणी, नांदड़ाकलां, उचियारड़ा, जालेली फौजदारां आदि गावों में प्रचार-प्रसार किया गया तथा लाभार्थियों का चिन्हिकरण किया गया।
डुप्लीकेट आधार कार्ड बनवाया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा म्हारी योजना, म्हारो अधिकार विधिक शिविर के शुभारंभ पर न्याय क्षेत्र की तालुका बालेसर क्षेत्राधिकार में निवासरत अनाथ नाबालिग बालिका देवकंवर का डुप्लीकेट आधार कार्ड बनवाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश समरेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि अनाथ नाबालिग बालिका देवकंवर का आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसे हर क्षेत्र में अनेक प्रकार की दिक्कत हो रही थी। बालिका काफी समय से अपना नया आधार कार्ड बनाये जाने के लिए प्रयासरत थी। बालिका देवकंवर द्वारा डुप्लीकेट आधार कार्ड बनाये जाने के लिए एक प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर में प्राप्त हुआ। जिस पर प्राधिकरण द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ‘म्हारी योजना म्हारो अधिकार के तहत देवकंवर का डुप्लीकेट आधार कार्ड बनवाया गया।