क्षतिग्रस्त सडक़ों की अगले सप्ताह से सुधरेगी हालत
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। मानसून की बारिश के दौरान बदहाल हुई शहर की सडक़ों पर नगर निगम अगले सप्ताह से पेच वर्क कार्य शुरू करेगा। सडक़ों की तथ्यात्मक स्थिति को लेकर नगर निगम आयुक्त (दक्षिण) सुरेश कुमार ओला और नगर निगम आयुक्त (उत्तर) रोहिताश्व तोमर निगम के तकनीकी अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जोन वार सभी मुख्य सडक़ों की वास्तविक स्थिति को लेकर चर्चा की गई। निगम आयुक्त ओला ने कहा कि मानसून की बारिश लगभग समाप्त हो चुकी है और बारिश के दौरान शहर की कई सडक़ें क्षतिग्रस्त हुई है। कई सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। क्षतिग्रस्त सडक़ो पर पेच वर्क जल्द शुरू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह सभी क्षतिग्रस्त सडक़ों पर पेच वर्क कार्य शुरू कर दिया जाए, साथ ही उन्होंने कहा कि पेच वर्क के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। नगर निगम आयुक्त (उत्तर) रोहिताश्व तोमर ने बताया कि कुछ सडक़ों पर काफी बड़े गड्ढे हो चुके हैं, इसके लिए पहले उन गड्ढों को पाटकर पैच वर्क किया जाए, ताकि लंबे समय तक इन सडक़ों पर यातायात सुगम हो सके। तोमर ने सभी एक्सईएन और एईएन को निर्देश दिए हैं कि स्वयं भी समय-समय पर फील्ड विजिट कर कार्य का निरीक्षण करें और इसका फीडबैक दे।