तालाबों में गंदगी देखकर संभागीय आयुक्त ने जताई नाराजगी
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी व जीडीए के अधिकारियों के साथ गुलाब सागर और फतेहसागर तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर पड़ी गंदगी को देख नाराजगी प्रकट की और मौके पर मौजूद निगम उपायुक्त अयूब खान को वार्ड प्रभारी को गंदगी ना उठाने के लिए चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अपूर्व कुमार को 2 अक्टूबर से पूर्व दोनों तालाबों के आसपास क्षेत्र, उनकी नेहरों व पाल की सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक जमा हो गए और उन्होंने बताया कि नहरों में अनेक लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है और सीवरेज का पानी छोड़ा जा रहा है, साथ ही बहुत सी अवैध इकाइयां रंगाई का काम करती हैं जिससे लाल पानी बहकर गुलाब सागर में आता है और मछली आदि भी मर जाती हैं। इसी प्रकार फतेहसागर की नहरों में लगभग 500 से अधिक घरों का सीवरेज का पानी आता है और इन लोगों ने नहर पर अवैध निर्माण भी करा रखे हैं। संभागीय आयुक्त ने मौके पर ही निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला को निर्देश दिए कि इस संबंध में एक उच्च स्तरीय टीम का गठन उपायुक्त अयूब खान के नेतृत्व में किया जाए जो प्रति सप्ताह की गई कार्यवाही से अवगत कराएगी। इसी प्रकार पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के रीजनल ऑफिसर ढींगरा को अवैध रंगाई करने वाली इकाइयों को चिन्हित कर बंद कराने के निर्देश दिए। सीवरेज के कनेक्शन सीवर लाइन से ही करने के निर्देश संभागीय आयुक्त ने मौके पर मौजूद निगम के मुख्य अभियंता डीके मीणा एवं सुप्रिडिंग इंजीनियर संपत मेघवाल को दिए। साथ ही दोनों तालाबों की साफ सफाई जीर्णोद्धार, लाइटिंग और हेरिटेज लुक को भी पुनस्र्थापित करने के निर्देश प्रदान किए गए।