ईरान युद्ध का असर: सोजत में गैस सिलेंडर डिलीवरी प्रभावित, अब 25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग
सोजत । ईरान में जारी युद्ध के असर अब देश के कई हिस्सों की तरह सोजत में भी देखने को मिल रहे हैं। गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से डिलीवरी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर में कार्यरत दोनों इंडियन गैस एजेंसियों के उपभोक्ताओं को अब पहले की तुलना में अधिक इंतजार करना पड़ रहा है।
सोजत में फिलहाल सोजत गैस एजेंसी और गिरधर गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर रही हैं। सोजत गैस एजेंसी के मैनेजर पदमचंद टांक ने बताया कि पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग तत्काल हो जाती थी और उपभोक्ताओं को जल्द डिलीवरी मिल जाती थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के चलते सप्लाई चेन प्रभावित हुई है।
उन्होंने बताया कि अब घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के अंतराल के बाद ही संभव होगी। यानी कोई भी उपभोक्ता 25 दिन से पहले दोबारा सिलेंडर की बुकिंग नहीं करा सकेगा। इससे पहले उपभोक्ता सालभर में निर्धारित 12 सिलेंडर तक आसानी से ले सकते थे, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
मैनेजर टांक के अनुसार बड़े कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भी कमी महसूस की जा रही है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गैस एजेंसियों का कहना है कि सप्लाई सामान्य होने के बाद ही डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो पाएगी।
गैस सिलेंडर डिलीवरी में आई इस देरी से शहर के उपभोक्ताओं में भी चिंता देखी जा रही है और लोग समय पर बुकिंग कराने को मजबूर हो रहे हैं।